जामुड़िया- शेखपुर मोड़ से जादूडांगा जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा रहने से आवागमन मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत ऐसी हो गयी है कि यहां आवागमन के बजाय मछली पालन किया जा सकता है.
क्षेत्रवासियों के अनुसार, आसपास के कारखानों से आने-जाने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क पर लगातार दबाव रहता है.इसके अलावा जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है.लोगों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से रोजाना सैकड़ों लोग, छात्र-छात्राएं, दैनिक यात्री, स्कूल वाहन और एंबुलेंस गुजरते हैं. सड़क की बदहाली के कारण सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण को लेकर कई बार शिकायत की गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. लोगों का आरोप है कि जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी चुप्पी साधे हुए हैं.
माकपा एरिया कमेटी सदस्य बुद्धदेव रजक ने कहा कि आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (अड्डा) की ओर से सड़क निर्माण के दौरान यदि उचित जल निकासी की व्यवस्था की जाती, तो बारिश में सड़क की यह स्थिति नहीं होती.उन्होंने कहा कि इलाके में कई कारखाने हैं और भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है.कारखाना प्रबंधन सीएसआर के तहत विभिन्न कार्य कराने का दावा करता है, लेकिन सड़क के किनारे नाले और जल निकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की जाती, यह बड़ा सवाल है.
उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार आंदोलन किया गया, ताकि आम लोगों को परेशानी से निजात मिल सके, लेकिन अब तक समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया. उन्होंने आशंका जतायी कि शेखपुर मोड़ से जादूडागा तक सड़क की मौजूदा स्थिति के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है.
क्षेत्रवासियों ने अविलंब सड़क का पुनर्निर्माण कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है.साथ ही चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं होने पर व्यापक जनआंदोलन किया जायेगा.


0 टिप्पणियाँ