स्वच्छता से खाद्य सुरक्षा तक चला अभियान, बनियापट्टी में लड्डू-सेव-निमकी के गोदामों की भी हुई जांच
जामुड़िया : राज्य सरकार के निर्देश पर सुरक्षा, जनहित, स्वच्छता और सुंदर परिवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जामुड़िया बाजार में सरकारी विभागों की ओर से शुक्रवार को व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया.आसनसोल नगर निगम के मिशन स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजार की विभिन्न दुकानों में पहुंचकर नियमों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की.अभियान के दौरान 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक कैरीबैग का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों पर 200 रुपये का स्पॉट जुर्माना लगाया गया.
गंदगी फैलाने वालों को दी गयी चेतावनी
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और व्यापारियों को सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, इधर-उधर कचरा फेंकने तथा खुले में मल-मूत्र त्याग नहीं करने को लेकर भी जागरूक किया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
आसनसोल नगर निगम की ओर से अभियान में शामिल अनामिका चटर्जी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के तहत यह कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल दुकानदारों को नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, लेकिन नियमों का पालन करने से इनकार करने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है. स्वच्छ परिवेश बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
अभियान के दौरान जामुड़िया बोरो-1 के सेनिटेशन अधिकारी निर्मल मंडल, सुपरवाइजर विजय बाउरी सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही.
बनियापट्टी में लड्डू-सेव-निमकी के गोदामों पर पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम
दूसरी ओर, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जामुड़िया के बनियापट्टी इलाके में लड्डू, सेव एवं निमकी आदि खाद्य सामग्री तैयार करने वाले विभिन्न गोदामों का भी औचक निरीक्षण किया. टीम के अचानक पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता की दृष्टि से जांच के दौरान कई स्थानों पर खामियां पायी गयीं. कुछ गोदामों में तैयार किये जा रहे मिलावटी लड्डुओं को नष्ट कर कार्रवाई की गयी.वहीं, समोसा-कचौड़ी तैयार करने वाली दुकानों में स्वच्छता की कमी मिलने पर संचालकों को आवश्यक हिदायत दी गयी.
कार्रवाई से छोटे-बड़े कारोबारियों में हड़कंप
एक ही दिन स्वच्छता, प्लास्टिक और खाद्य सुरक्षा को लेकर हुई सख्त कार्रवाई से जामुड़िया बाजार के छोटे-बड़े व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है. अधिकारियों ने संकेत दिया कि अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा और बाजार की दुकानों तथा खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों पर लगातार नजर रखी जायेगी इससे व्यापारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ सरकारी नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गयी है.


0 टिप्पणियाँ