बांकुड़ा शहर के धर्मराजपल्ली में पुलिस की कार्रवाई, मकान मालिक फरार
बांकुड़ा : गुप्त सूचना के आधार पर बांकुड़ा शहर के 20 नंबर वार्ड स्थित धर्मराजपल्ली इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर एक मकान से करीब पांच किलोग्राम गांजा बरामद किया. इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बांकुड़ा के सारेंगा इलाके के निवासी विमलेंदु पाल और संजय खिलाड़ी के रूप में हुई है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद शनिवार रात धर्मराजपल्ली स्थित एक मकान में छापेमारी की गयी. तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गांजा बरामद हुआ.इसके बाद पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया .
पुलिस का दावा है कि जिस मकान से गांजा बरामद हुआ, उसके मालिक सौरभ गराई घटना के बाद से फरार है. पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है.
पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच अधिकारियों के अनुसार, गांजा कहां से लाया गया था और इस अवैध कारोबार में और कितने लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

0 टिप्पणियाँ