रानीगंज : लगातार हो रही तेज बारिश के कारण रानीगंज के तिराट ग्राम पंचायत अंतर्गत हाड़ाभांगा क्षेत्र से होकर गुजरने वाले नोनिया नदी पर बने हाड़ाभांगा ब्रिज और क्वारडी ब्रिज जलमग्न हो गये हैं.दोनों पुलों के ऊपर से पानी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रहा है.इसके कारण आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थिति इतनी गंभीर है कि पुल के समीप से गुजरने वाली जलापूर्ति पाइपलाइन के ऊपर से भी पानी बहता हुआ दिखाई दे रहा है.तेज बहाव के कारण बड़े-बड़े पेड़ तक पानी में डूब गये हैं.यहां तक कि लंबे ताड़ के पेड़ भी पानी में डूबे नजर आ रहे हैं.इससे इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के दौरान पहले भी दोनों पुल जलमग्न हो चुके हैं.चेलोद, डामरा, कवार्डी,हाड़ाभांगा के निवासियों को फिलहाल तीन किलोमीटर अतरिक्त तय कर डमलिया पुल होकर आवागमन करना पड़ रहा है. पुलों की जर्जर स्थिति को देखते हुए ग्रामीण लंबे समय से इनकी मरम्मत और बेहतर तरीके से पुनर्निर्माण की मांग करते रहे हैं. इस मुद्दे को लेकर कई बार विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन भी हो चुके हैं.विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से भी पुलों की मरम्मत के लिए पहल करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है.
वर्तमान में इस क्षेत्र की विधायक तथा नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल हैं. उन्होंने आश्वासन दिया है कि बरसात समाप्त होने के बाद हाड़ाभांगा और क्वारडी ब्रिज की मरम्मत कर उन्हें नये सिरे से तैयार किया जायेगा, ताकि आम लोगों के आवागमन और वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके.
फिलहाल ग्रामीण मंत्री के आश्वासन के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं.लोगों को उम्मीद है कि बरसात के बाद दोनों पुलों का स्थायी समाधान होगा और क्षेत्र में आवागमन सामान्य हो सकेगा.

0 टिप्पणियाँ