कॉलेजपाड़ा सार्वजनिक दुर्गोत्सव कमेटी ने भी की खूंटी पूजा, अखाड़े को लेकर शांति व सुरक्षा की अपील
रानीगंज : गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर रानीगंज में विभिन्न दुर्गापूजा कमेटियों की ओर से खूंटी पूजा के साथ तैयारियां शुरू कर दी गयीं. उत्तरपल्ली सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी की पूजा इस वर्ष 70वें वर्ष में प्रवेश कर गयी.कमेटी के ट्रेजरार शांतनु माईति ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल कर्नाटक स्थित श्रीराम क्षेत्र मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जायेगा. मां दुर्गा की प्रतिमा ढाक के साज में साबेकियाना शैली में होगी.पूजा का कुल बजट करीब साढ़े पांच लाख रुपये रखा गया है. लाइटिंग का काम स्थानीय स्तर पर होगा, जबकि बाहर से कारीगर बुलाये जायेंगे. उन्होंने प्रशासन से हर वर्ष मिलने वाले सहयोग का उल्लेख करते हुए आसनसोल नगर निगम, रानीगंज इलेक्ट्रिक सप्लाई और रानीगंज थाना से इस वर्ष भी सहयोग की उम्मीद जतायी.
इधर, कॉलेजपाड़ा सार्वजनिक दुर्गोत्सव कमेटी की ओर से भी खूंटी पूजा की गयी. कमेटी सदस्य कुमार आयुष ने बताया कि इस अवसर पर विधायक पार्थ घोष और उनके सहयोगी मौजूद रहे तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया. पूजा 46वें वर्ष में है और चार वर्ष बाद स्वर्ण जयंती मनायी जायेगी
अखाड़े को लेकर उन्होंने कहा कि 2018 के बाद पुराने रूट को लेकर समस्या के कारण अखाड़ा नहीं निकल पाया था. इस बार पूरे रूट का निरीक्षण किया गया है और उसी मार्ग से अखाड़ा निकालने की तैयारी है.उन्होंने लोगों से शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाये रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की.
मौके पर अध्यक्ष मनोज तपादार, उपाध्यक्ष चंदन केसरी, सचिव नेपाल साव, संयुक्त सचिव पंकज साहू, कोषाध्यक्ष कुमार आयुष व सुधीर साव समेत अन्य सदस्य मौजूद थे. विधायक पार्थ घोष ने कहा कि भव्य तरीके से दुर्गापूजा आयोजन को लेकर उन्हें पूरा भरोसा है.



0 टिप्पणियाँ