‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत राज्य सरकार की पहल, तीर्थयात्रियों में खुशी
बांकुड़ा : राज्य सरकार के सूचना एवं संस्कृति तथा पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किये गये ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत बांकुड़ा जिले से 35 तीर्थयात्री गुजरात के सोमनाथ मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। पूरी तरह निःशुल्क तीर्थयात्रा का अवसर मिलने से तीर्थयात्रियों में खुशी है।
हिंदुओं के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर हजारों वर्षों से आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यह मंदिर न केवल हिंदू धर्म का पवित्र तीर्थस्थल है, बल्कि भारतीय संस्कृति के महत्वपूर्ण केंद्रों में भी इसकी पहचान है। राज्य सरकार के सूचना एवं संस्कृति विभाग तथा पर्यटन विभाग की पहल पर आर्थिक रूप से सक्षम नहीं होने वाले श्रद्धालुओं को सोमनाथ दर्शन का अवसर दिया जा रहा है।
बांकुड़ा जिले के 35 तीर्थयात्रियों को आज लग्जरी बस से पहले आसनसोल ले जाया गया। वहां से ट्रेन के माध्यम से उन्हें पहले कोलकाता और फिर गुजरात के सोमनाथ ले जाया जायेगा। 12 सितंबर से 20 सितंबर तक चलने वाली इस तीर्थयात्रा के दौरान यात्रियों को कोई खर्च नहीं करना होगा।
सरकारी पहल से बिना खर्च तीर्थयात्रा का अवसर मिलने पर श्रद्धालुओं ने खुशी जतायी और इसे सरकार की सराहनीय पहल बताया।

0 टिप्पणियाँ