रानीगंज : रानीगंज लायंस जे.डी.एम. चनानी डीएवी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को सीबीएसई प्रशिक्षण इकाई के प्रस्तावित नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क फॉर स्कूल एजुकेशन (एनसीएफ-एसई) 2023 विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया.इसमें विद्यालय के 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया.
कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और एनसीएफ-एसई 2023 के प्रमुख सिद्धांतों तथा विद्यालय में उनके प्रभावी क्रियान्वयन से अवगत कराना था. दो अनुभवी प्रशिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों और समूह चर्चाओं के माध्यम से शिक्षकों को नई शिक्षा व्यवस्था की अवधारणाओं की जानकारी दी.
कार्यशाला के पहले सत्र में वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा एनसीएफ-एसई 2023 की आवश्यकता और उद्देश्यों पर चर्चा हुई. दूसरे सत्र में विभिन्न विषयों के बीच अंतर्संबंध और बहुविषयक शिक्षण पद्धति पर विचार-विमर्श किया गया. इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, नैतिक मूल्य, लैंगिक समानता, समावेशी शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल साक्षरता और संवैधानिक मूल्यों जैसे विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल करने के तरीकों पर समूह गतिविधियां हुईं.
अंतिम सत्र में छात्र-केंद्रित शिक्षण, दक्षता आधारित मूल्यांकन, परियोजना कार्य और अनुभवात्मक अधिगम पर चर्चा की गयी. प्रधानाचार्या मंदिरा दे ने प्रशिक्षकों व प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि एनसीएफ-एसई 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी.



0 टिप्पणियाँ