रानीगंज : निम्न दबाव के प्रभाव से बुधवार तड़के हुई तेज बारिश के बीच रानीगंज के शिशुबागान मोड़ के समीप एक विशाल शीशम का पेड़ जड़ समेत उखड़कर एनएच-14 पर गिर गया। घटना तड़के करीब तीन बजे की है। पेड़ के सड़क पर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब पांच घंटे तक यातायात बाधित रहा। हालांकि, जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान उसकी चपेट में कोई वाहन नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शी वाहन चालकों के अनुसार पेड़ अचानक नहीं, बल्कि धीरे-धीरे जड़ समेत उखड़कर सड़क पर गिरा। उनका कहना था कि यदि कुछ सेकेंड का भी अंतर होता, तो कई वाहन पेड़ की चपेट में आ सकते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय शिशुबागान मोड़ पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी, जिसके कारण जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
पेड़ गिरने के बाद पंजाबी मोड़ से मेजिया घाट तक करीब आठ से दस किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर सैकड़ों डंपर, लॉरी और बसें फंस गयीं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। बुधवार को कई स्कूलों में परीक्षा होने के कारण जाम में फंसे छात्र-छात्राओं को कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ा।
पांच घंटे बाद हटाया गया पेड़
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सुबह तीन बजे पेड़ गिरने के बावजूद काफी देर तक रास्ता साफ नहीं कराया गया। करीब पांच घंटे बाद नगर निगम और आपदा प्रबंधन दल की संयुक्त कार्रवाई में पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
लगातार बारिश को देखते हुए स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे जर्जर व खतरनाक पेड़ों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की मांग की है।



0 टिप्पणियाँ