सिलीगुड़ी -उत्तर बंगाल में पहली बार मां दुर्गा लगभग 100 किलो सोने के पारंपरिक आभूषणों से सुसज्जित होने जा रही हैं। खास बात यह है कि यह 100 किलो सोने का यह विशेष शृंगार अकेले दुर्गा प्रतिमा के लिए नहीं है, बल्कि इसी के अंतर्गत मां दुर्गा के साथ-साथ कार्तिक, गणेश, लक्ष्मी और सरस्वती—पांचों देवी-देवताओं को एक साथ सजाया जाएगा। सोमवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सेंट्रल कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने अपने 64वें वर्ष के इस विशेष और भव्य आयोजन की घोषणा की।
सेंट्रल कॉलोनी की ओर से हर साल दुर्गा पूजा में कुछ नया और अनोखा तोहफा दिया जाता है, लेकिन इस बार का यह आयोजन पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ने जा रहा है। मशहूर आभूषण ब्रांड 'सेंको गोल्ड' के सहयोग से कुल 100 किलो सोने का विशेष आभूषण तैयार किया जा रहा है। प्रतिमा के भव्य शृंगार के अलावा, बालूरघाट के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा खूबसूरत पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही, चंदननगर के कारीगरों की शानदार और आकर्षक रोशनी (लाइटिंग) भी इस बार के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहने वाली है।
इस बार पूजा के स्थल (वेन्यू) में भी बदलाव किया गया है। चूंकि पिछले कई सालों से जहां सेंट्रल कॉलोनी की पूजा होती आ रही थी, वहां वर्तमान में रेलवे की ओर से क्रिकेट ग्राउंड बनाने का काम चल रहा है, इसलिए पुरानी जगह से करीब 200 मीटर दूर न्यू जलपाईगुड़ी थाने और एनजेपी रेलवे ऑफिस के पास स्थित एक खाली मैदान में इस साल पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि, जगह बदलने के बावजूद पूजा समिति ने भव्यता और आकर्षण में किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ी है।
100 किलो सोने से सजी इस अनूठी प्रतिमा के दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति की ओर से बताया गया है कि पंडाल से करीब 8 फीट की दूरी पर बैरिकेडिंग की जाएगी। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में रहेगा। राज्य पुलिस के उच्च अधिकारियों की देखरेख में व्यापक पुलिस बल के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में निजी सुरक्षा गार्ड और स्वयंसेवक भी तैनात किए जाएंगे। पंडाल के पिछले हिस्से में भी अलग से बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि लोग एक व्यवस्थित कतार में खड़े होकर माता के दर्शन कर सकें।
इस हाई-प्रोफाइल पूजा में शामिल होने के लिए देश के प्रधानमंत्री, राज्य की मुख्यमंत्री, स्थानीय सांसद और विधायक समेत कई गणमान्य लोगों को आधिकारिक निमंत्रण पत्र भेजा जा चुका है। आयोजकों के अनुसार, कई लोगों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिल चुकी है। हालांकि, इस साल पूजा का उद्घाटन कौन करेगा, इस बात का खुलासा अभी क्लब प्राधिकरण ने नहीं किया है। पूजा से ठीक एक हफ्ते पहले उद्घाटनकर्ता के नाम की घोषणा की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ