बांकुड़ा- आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान’ परियोजना के तहत किए गए कार्यों की बकाया राशि का भुगतान नहीं होने से परेशान ठेकेदारों ने मंगलवार को बांकुड़ा के जिलाधिकारी का दरवाजा खटखटाया। ठेकेदारों का दावा है कि जिले में इस परियोजना के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बकाया है। बकाया भुगतान की मांग को लेकर ठेकेदारों ने बांकुड़ा शहर में जुलूस निकाला और जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पुलिस ने बैरिकेड लगाकर जुलूस को रोक दिया। इसके बाद आंदोलनकारी ठेकेदार सड़क पर ही बैठ गये और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने तत्काल बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की।
ठेकेदारों के अनुसार, पिछली सरकार के कार्यकाल के अंतिम चरण में राज्य सरकार ने आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान’ परियोजना शुरू की थी। योजना के तहत राज्य के प्रत्येक बूथ के लिए 10 लाख रुपये आवंटित किये गये थे। इस राशि से अधिकांश बूथों में सड़क निर्माण सहित विभिन्न बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित कार्य ठेकेदारों के माध्यम से कराये गये।
ठेकेदारों का कहना है कि कुछ मामलों में कार्य पूरा होने के बाद भुगतान कर दिया गया, लेकिन अधिकांश ठेकेदारों की राशि अब तक बकाया है। इसी बीच राज्य में सरकार बदल गयी और बकाया राशि का भुगतान अटक गया। अकेले बांकुड़ा जिले में ही इस परियोजना के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बकाया होने का दावा किया जा रहा है।
बड़ी रकम लंबे समय से अटकी होने के कारण ठेकेदारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी से बकाया राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की। ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया, तो कई ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट में फंसकर आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।


0 टिप्पणियाँ