रानीगंज : बकतार नगर फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से रविवार को रानीगंज के बकतार नगर इलाके में नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का उद्घाटन आसनसोल दक्षिण की विधायक सह राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया. उद्घाटन के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया.
इस अवसर पर अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आज बच्चों से उनका बचपन छीना जा रहा है. भारी-भरकम स्कूल बैग लेकर बच्चे स्कूल जाते हैं और स्कूल से लौटने के बाद ट्यूशन में व्यस्त हो जाते हैं. ऐसे में उनके पास खेलने के लिए पर्याप्त समय नहीं बचता. उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल बेहद जरूरी है.बच्चे किसी भी खेल में रुचि लें, लेकिन उन्हें खेलने का अवसर जरूर मिलना चाहिए. खेल से बच्चों का शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक विकास भी होता है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और राज्य की मुख्यमंत्री दोनों ही खेलों को बढ़ावा देने के पक्षधर हैं. मुख्यमंत्री ने भी घोषणा की है कि राज्य के जिम क्लबों में स्थानीय युवाओं की रुचि के अनुसार विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से आवश्यक व्यवस्था की जायेगी.
मंत्री ने कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा खेल के मैदान से दूर होकर नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें दोबारा खेल के मैदान तक लाना जरूरी है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर इस तरह के खेल आयोजनों को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।

0 टिप्पणियाँ