रानीगंज-मैथन मार्ग पर देंदुआ के पास घटना, भाजपा ओबीसी मोर्चा ने पुलिस में शिकायत कराने की बात कही
रानीगंज- रानीगंज-मैथन मार्ग पर बस चलाने वाले चालक संतोष हरिजन के साथ देंदुआ इलाके में छह लोगों द्वारा मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है. घटना में संतोष हरिजन को सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आयी हैं. उन्हें इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
संतोष की बहन प्रीति कुमारी ने बताया कि बुधवार को करीब 1.10 बजे संतोष रानीगंज से बस लेकर मैथन की ओर जा रहे थे. रास्ते में दो लोगों के साथ उनका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद वह बस लेकर आगे बढ़ गये. मैथन से बस लेकर वापस रानीगंज लौटने के दौरान देंदुआ इलाके में छह लोगों ने उन्हें घेर लिया और कथित तौर पर लाठी-डंडे से उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी. प्रीति का आरोप है कि हमलावर नशे में थे. मारपीट में संतोष के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आयीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
प्रीति कुमारी ने कहा कि उनके भाई परिवार में अकेले कमाने वाले हैं. उनके पिता दिव्यांग हैं. ऐसे में संतोष के घायल होने के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के अगले दिन बस को किसी दूसरे चालक से चलवाया जा रहा है, लेकिन बस मालिक की ओर से संतोष की स्थिति को लेकर कोई विशेष चिंता नहीं दिखायी गयी. परिजनों के अनुसार, घटना को लेकर अब तक पुलिस में लिखित शिकायत भी नहीं की गयी है.
संतोष की पत्नी ज्योति कुमारी ने बताया कि संतोष रोजाना करीब एक बजे उन्हें फोन करते हैं. घटना वाले दिन भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. इसके बाद शाम करीब चार बजे एक अन्य बस चालक ने फोन कर संतोष के साथ घटना होने की जानकारी दी. अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि संतोष किसी दुर्घटना का शिकार नहीं हुए हैं, बल्कि उनके साथ मारपीट की गयी है. ज्योति ने कहा कि आज उनके पति के साथ ऐसा हुआ है, कल किसी अन्य चालक के साथ भी ऐसी घटना हो सकती है. उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी सजा देने की मांग की.
इधर भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सचिव वरुण शर्मा ने कहा कि संतोष हरिजन के साथ देंदुआ में छह लोगों द्वारा मारपीट किये जाने की जानकारी मिली है. घटना में घायल बस चालक अस्पताल में भर्ती है और उसके परिजन भयभीत हैं. उन्होंने कहा कि यदि अब तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं हुई है, तो वे परिजनों के साथ देंदुआ थाना जाकर शिकायत दर्ज करायेंगे. वरुण शर्मा ने कहा कि बस चालक के साथ जिस तरह मारपीट की गयी, वह निंदनीय और अस्वीकार्य है. पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की जायेगी.



0 टिप्पणियाँ