रानीगंज में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यता अभियान, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन पर हुई चर्चा
रानीगंज- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध चिकित्सकों के संगठन नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) की ओर से रविवार संध्या रानीगंज स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) भवन के सभागार में संगठन सुदृढ़ीकरण एवं सदस्यता विस्तार को लेकर एक बैठक आयोजित की गई. कार्यक्रम में संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने भाग लिया.
बैठक का संचालन एनएमओ रानीगंज शाखा प्रमुख एवं प्रख्यात दंत चिकित्सक डॉ. बी. के. गांगुली ने किया. इस अवसर पर संगठन के आसनसोल प्रमुख डॉ. कल्याण मुखर्जी, डॉ. तथागत मुखर्जी, आरएसएस के जिला स्तर नेता दीनबंधु जोशी,नगर स्तरीय कार्यकर्ता मनीष सिंह रानीगंज के चिकित्सक डॉ. सुवर्णा गांगुली, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, डॉ. बी. के. भट्टाचार्य, डॉ. मनीष रंजन, डॉ. समीरन दास गुप्ता सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित थे.
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. बी. के. गांगुली ने कहा कि चिकित्सा केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व भी है. उन्होंने कहा कि नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन सिर्फ डॉक्टरों का संगठन नहीं, बल्कि समाज सेवा का एक सशक्त मंच है, जहां चिकित्सकों को जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का अवसर मिलता है.
उन्होंने संगठन से जुड़े चिकित्सकों से अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया. साथ ही समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, जनजागरूकता अभियान तथा सेवा गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर दिया, ताकि चिकित्सक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें.
बैठक में संगठन के विस्तार, नए सदस्यों को जोड़ने तथा आगामी सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। चिकित्सकों ने समाजहित में मिलकर कार्य करने और संगठन की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।



0 टिप्पणियाँ