रानीगंज: निजी ब्लड बैंकों में रक्त को लेकर कथित भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सरकारी ब्लड बैंक को मजबूत करने की पहल भाजपा की ओर से की गई. रविवार को छुट्टी के दिन रानीगंज प्रखंड के एगरा ग्राम पंचायत के पुरातन एगरा स्थित 270 नंबर बूथ के मंडलपाड़ा प्राथमिक विद्यालय में भाजपा ग्रामीण मंडल-4 की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया.
आसनसोल जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रह किया.रक्तदाताओं को विशेष प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए. शिविर में गांव की महिलाओं, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं सहित कुल 53 यूनिट रक्तदान किया गया.
इस अवसर पर युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिक मंडल, जिला संयोजक संदीप गोप, मंडल अध्यक्ष परिमल माजी, महासचिव उज्ज्वल माजी, भारतीय जनता मजदूर मोर्चा के जिला महासचिव इंद्रदेव मोदी और बूथ अध्यक्ष मृत्युंजय मंडल समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
शिविर से रक्तदान के महत्व का संदेश देते हुए बताया गया कि विज्ञान की दृष्टि से रक्तदान केवल एक नेक कार्य ही नहीं, बल्कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए सामान्यतः सुरक्षित प्रक्रिया भी है.मानव शरीर में लगभग 5-6 लीटर रक्त होता है. रक्तदान के दौरान करीब 350 मिलीलीटर रक्त लिया जाता है, जिसकी तरल मात्रा 24-48 घंटे में काफी हद तक पूरी हो जाती है, जबकि नई लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में कुछ सप्ताह लगते हैं.
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि रक्त की एक यूनिट से लाल रक्त कोशिकाएं, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स अलग कर जरूरत के अनुसार तीन अलग-अलग मरीजों की जान बचाने में मदद मिल सकती है. शिविर के आयोजकों ने युवाओं से अधिक संख्या में रक्तदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि इससे रक्त की कमी दूर करने में मदद मिलेगी और कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी.

0 टिप्पणियाँ