जामुड़िया- जामुड़िया के बोगड़ा स्कूल मार्केट इलाके में रंगदारी, मारपीट और तोड़फोड़ के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. एक ओर भाजपा युवा मोर्चा मंडल-3 के सचिव देवजीत गोराई ने श्रीपुर पुलिस फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, वहीं जिन लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं, उनके समर्थकों तथा बोगड़ा उद्यान स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सभी आरोपों को खारिज कर दिया.
देवजीत गोराई का आरोप है कि 2 अगस्त की शाम करीब साढ़े तीन बजे कुछ लोग उनके पिता की दुकान पर पहुंचे और 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी. रंगदारी देने से इनकार करने पर उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की गई. लिखित शिकायत में सुजीत नायक, सुजॉय मंडल, कल्याण कर्मकार, दीपक गड़ाई, सुधानु मंडल समेत कई लोगों के नाम दर्ज कराए गए हैं.
शिकायत के अनुसार, हमले में उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. आरोप है कि उसी दिन रात करीब आठ बजे आरोपित दोबारा दुकान पर पहुंचे, जमकर तोड़फोड़ की, दुकान का गेट तोड़ दिया, दो हजार रुपये नकद छीन लिए तथा रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी.
घटना के बाद श्रीपुर पुलिस फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है,हालांकि, प्रारंभिक स्तर पर आरोपितों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.ऐसे में आरोपों की सत्यता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
इधर, देवजीत गोराई के आरोप सार्वजनिक होने के बाद बुधवार सुबह बोगड़ा उद्यान स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब परिसर में क्लब के सदस्य और आरोपित पक्ष के समर्थक एकत्र हुए तथा विरोध प्रदर्शन किया. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर का व्यक्तिगत विवाद है, जिसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है.
क्लब के सदस्यों का आरोप है कि भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर क्लब की छवि खराब करने का प्रयास किया गया. उनका कहना है कि क्लब को जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है तथा राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर क्लब के सदस्यों को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है.
घटना को लेकर बोगड़ा क्षेत्र में तनाव का माहौल है अब स्थानीय लोगों की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और शिकायत के आधार पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है.

0 टिप्पणियाँ