रानीगंज : आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने रविवार को रानीगंज के नारायणकुड़ी इलाके में आयोजित एमएलए कप का उद्घाटन किया.इस मौके पर उन्होंने राज्य की पूर्ववर्ती सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार बंगाल में विकास और आम लोगों के हित में काम करना चाहती है, लेकिन विपक्ष सरकार के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहा है
बंगाल को 50 वर्षों में 100 साल पीछे धकेला गया : अग्निमित्रा
अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि पिछले 50 वर्षों में बंगाल को 100 साल पीछे धकेल दिया गया.उन्होंने कहा कि विपक्ष अब भी चाहता है कि मौजूदा सरकार विकास का कोई काम न कर सके और राज्य फिर पीछे चला जाये, लेकिन भाजपा सरकार ऐसा नहीं होने देगी.सरकार बंगाल को विकास की राह पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है
उन्होंने तृणमूल शासन के दौरान भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय अवैध गतिविधियों का ऐसा सिलसिला चला कि तृणमूल के कई नेता और मंत्री तक उसमें शामिल हो गये. भ्रष्टाचार ने अपनी जड़ें काफी मजबूत कर ली हैं.उन्होंने कहा कि इन जड़ों को पूरी तरह उखाड़ने में समय लगेगा, लेकिन वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगी.
अपराधियों के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति
अपराध नियंत्रण के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस की सरकार नहीं है, जो अपराधियों के साथ समझौता करके चलती थी. उन्होंने कहा कि यह भाजपा की सरकार है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी जायेगी. कानून व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जायेगा.
एमएलए कप के उद्घाटन समारोह में स्थानीय भाजपा नेता, कार्यकर्ता, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित थे. मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेलकूद को युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया.

0 टिप्पणियाँ