राहगीरों को राखी बांध सड़क सुरक्षा का दिया संदेश, दिव्यांग बुजुर्ग को राखी बांध सिविक वॉलंटियर ने जीता दिल
रानीगंज : रक्षाबंधन के अवसर पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के रानीगंज ट्रैफिक विभाग ने अनोखे अंदाज में पर्व मनाते हुए सड़क सुरक्षा के साथ सामाजिक सौहार्द और मानवता का संदेश दिया. ट्रैफिक प्रभारी सातिनाथ शील के नेतृत्व में पंजाबी मोड़ ब्रिज के नीचे विशेष राखी उत्सव का आयोजन किया गया.
इस दौरान समाज की महिलाओं ने ट्रैफिक विभाग के साथ मिलकर राहगीरों, बाइक चालकों और कार चालकों की कलाई पर राखी बांधी. वहीं, वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया. ‘सेव ड्राइव, सेफ लाइफ’ अभियान के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले कुछ चालकों के चालान भी काटे गये. बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की नसीहत दी गयी.
आयोजन के दौरान मानवता की एक भावुक तस्वीर भी सामने आयी. सड़क से एक बुजुर्ग दिव्यांग व्यक्ति रेंगकर गुजर रहे थे.इसी दौरान ट्रैफिक सिविक वॉलंटियर निशु मिश्रा की नजर उन पर पड़ी. वह तुरंत उनके पास पहुंचीं और जमीन पर बैठकर बुजुर्ग के हाथों को उठाया. इसके बाद उनकी कलाई पर राखी बांधकर मुंह मीठा कराया. सिविक वॉलंटियर के इस आत्मीय व्यवहार से बुजुर्ग भावुक हो गये और उन्हें ढेरों आशीर्वाद दिया.मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस मानवीय पहल की सराहना की.
इस अवसर पर ट्रैफिक टीआई-2 राणा अंबिका दत्ता समेत ट्रैफिक विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.आयोजन के माध्यम से पुलिस ने यह संदेश दिया कि यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है.





0 टिप्पणियाँ