रानीगंज : रानीगंज मंगलपुर से साहेबगंज रेल लाइन तक बाइपास विस्तार के लिए अधिग्रहित जमीन खाली नहीं करने पर सोमवार दोपहर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए रानीगंज के साहेबगंज इलाके में बाइपास किनारे स्थित एक मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चलाये गये इस अभियान को लेकर इलाके में कुछ देर के लिए हलचल मच गयी.
ज्ञात रहे कि बाइपास विस्तार के लिए इस इलाके की काफी जमीन पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी है. अधिकांश जमीन मालिकों को मुआवजा देकर जमीन खाली करा ली गयी है. हालांकि, कुछ लोग अब भी अपनी जमीन और मकान से नहीं हटे थे. उन्हीं में से एक मकान को सोमवार को प्रशासन ने बुलडोजर से गिरा दिया.
मुआवजा पूरा नहीं मिलने का मकान मालिक का दावा
प्रशासन की ओर से बताया गया कि संबंधित मकान मालिक को जमीन खाली करने के लिए पहले ही नोटिस दिया गया था तथा मुआवजे की प्रक्रिया भी पूरी की गयी थी. इसके बावजूद जमीन खाली नहीं की गयी. वहीं, मकान मालिक का दावा है कि उसे पूरा मुआवजा नहीं दिया गया है, जिसके कारण उसने मकान खाली नहीं किया था.
पुलिस व केंद्रीय बल की मौजूदगी में कार्रवाई
उच्छेद अभियान के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे. वहीं, रेलवे की ओर से केंद्रीय बल के जवान भी अभियान के दौरान मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर से मकान को ध्वस्त कर दिया गया.
प्रशासन का कहना है कि सड़क विस्तार की परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित जमीन को खाली कराना आवश्यक है. इलाके में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और आवागमन सुगम करने के उद्देश्य से विस्तार कार्य किया जा रहा है. कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे.



0 टिप्पणियाँ