बांकुडा-बांकुड़ा में हाल ही में मृत आशा कर्मी रूम्पा मंडल के घर पहुंचकर तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उनके परिजनों से मुलाकात की। शुक्रवार को तृणमूल नेता कुणाल घोष और डोला सेन बांकुड़ा जिले के गंगाजलघाटी प्रखंड के भालुकाथोल गांव स्थित रूम्पा मंडल के घर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल के घर में प्रवेश करने से पहले ही मृत आशा कर्मी के परिजन बाहर निकल आए और दोनों नेताओं से मुलाकात कर काफी देर तक बातचीत की।
मुलाकात के बाद कुणाल घोष ने आशा कर्मियों पर बढ़ते काम के दबाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने शालतोड़ा की भाजपा विधायक चंदना बाउरी के साथ-साथ तृणमूल के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
गौरतलब है कि बांकुड़ा में घर-घर जाकर आयुष्मान योजना के ई-केवाईसी का काम नहीं करने को लेकर शालतोड़ा की विधायक चंदना बाउरी द्वारा एक आशा कर्मी को फटकार लगाए जाने का वीडियो सामने आया था। इस घटना के कुछ समय बाद ही एक अन्य आशा कर्मी रूम्पा मंडल की उनके घर में मौत हो गई। इसके बाद राज्यभर में आशा कर्मियों के बीच आक्रोश फैल गया। आशा कर्मियों ने रूम्पा मंडल के परिवार को आर्थिक मुआवजा देने के साथ ही विधायक चंदना बाउरी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई।

0 टिप्पणियाँ