बांकुड़ा : साइबर ठगी के खिलाफ बांकुड़ा जिला पुलिस की ओर से चलाये जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस का दावा है कि एक संगठित साइबर ठगी गिरोह ने लोगों से करीब 72 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है. मामले में पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. जांचकर्ताओं का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय रूप से काम कर रहे थे.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह किस तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था, ठगी की रकम का लेन-देन किस माध्यम से किया जाता था और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग या संस्थाएं शामिल हैं. पुलिस को आशंका है कि मामले की जांच आगे बढ़ने पर साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.
पुलिस अधीक्षक के दावे के मुताबिक, करीब 72 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े इस मामले में जांच जारी है. आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आने की संभावना जतायी जा रही है.

0 टिप्पणियाँ