रानीगंज- सिखों के आठवें गुरु श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के 366वें प्रकाश पर्व के अवसर पर रानीगंज गुरुद्वारा में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. गुरुद्वारा कमेटी की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. गुरुद्वारा परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा तथा गुरु साहिब के आदर्शों और मानव सेवा के संदेश को याद किया गया.
इस अवसर पर रानीगंज के विधायक पार्थ घोष और जमुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को गुरुद्वारा कमेटी की ओर से सम्मानित किया गया.दोनों विधायकों ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. विधायकों ने कहा कि गुरुद्वारे में आने पर उन्हें अलग तरह की आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ.उन्होंने रानीगंज, जमुड़िया सहित पूरे पश्चिम बंगाल के विकास के लिए लोगों के साथ मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य अथवा अन्य किसी प्रकार की विकास संबंधी समस्या हो तो लोग सीधे उन्हें इसकी जानकारी दें. समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जायेगा.
गुरु हरकिशन साहिब जी का जन्म 1656 में कीरतपुर साहिब में हुआ था. वे कम उम्र में ही सिखों के आठवें गुरु बने. दिल्ली में चेचक और हैजा जैसी बीमारियों के प्रकोप के दौरान उन्होंने पीड़ितों की सेवा की.इसी कारण उन्हें मानव सेवा और करुणा का प्रतीक माना जाता है. उनके जीवन का संदेश धैर्य, दान, प्रेम और निःस्वार्थ सेवा पर केंद्रित रहा.
कार्यक्रम में रानीगंज गुरुद्वारा कमेटी के हरजीत सिंह बग्गा, रवींद्र सिंह, बलजीत सिंह बग्गा सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे.



0 टिप्पणियाँ