बांकुड़ा : सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कथित रूप से पैसे की वसूली, विरोध करने पर मारपीट कर घर से भगाने और वापस घर लौटने के लिए 50 हजार रुपये जुर्माना वसूलने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक नेता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले में आईएनटीटीयूसी के मेजिया ब्लॉक के हाल ही में पूर्व अध्यक्ष विपत्तारण गराई को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को बांकुड़ा जिला अदालत में पेश किया।
मेजिया थाना पुलिस और बांकुड़ा जिला अदालत सूत्रों के अनुसार, मेजिया ब्लॉक के जेमुआ गांव निवासी करुणामय पाल ने हाल में मेजिया थाने में शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि जनवरी 2021 में सरकारी आवास योजना के तहत घर दिलाने के नाम पर तत्कालीन आईएनटीटीयूसी मेजिया ब्लॉक अध्यक्ष विपत्तारण गराई ने उनसे 20 हजार रुपये लिये थे।
करुणामय पाल का आरोप है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उक्त तृणमूल श्रमिक नेता ने गांव के कई अन्य लोगों से भी इसी तरह सरकारी आवास दिलाने के नाम पर कथित तौर पर पैसे लिये हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोप है कि विपत्तारण गराई के नेतृत्व में उनके साथ मारपीट की गयी और उन्हें घर छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद गांव में वापस लौटने के लिए भी उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गयी। आरोप है कि उक्त राशि देने के बाद ही उन्हें वापस घर में रहने की अनुमति दी गयी।
मामले को लेकर मेजिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने गुरुवार रात विपत्तारण गराई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को बांकुड़ा जिला अदालत में पेश किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ