रानीगंज: रानीगंज थाने में हाल ही में शुरू किए गए महिला हेल्प डेस्क (महिला सहायता केंद्र) का स्वागत करते हुए मारवाड़ी युवा मंच की महिला शाखा ‘देवी शक्ति’ ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन की महिलाओं ने इस पहल को महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सम्मान समारोह के दौरान ‘देवी शक्ति’ की अध्यक्ष दीप्ति सराफ ने कहा कि जिस प्रकार महिलाओं की सुरक्षा और सहारे के लिए उनके माता-पिता, भाई, पति और मायका होता है, उसी प्रकार रानीगंज थाने में महिला हेल्प डेस्क खुलने से ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो महिलाओं को एक और मायका मिल गया हो, जहां उनकी समस्याओं को सुना जाएगा और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद स्थान साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की सदस्याएं रानीगंज थाने पहुंचीं और महिला सहायता केंद्र की प्रभारी मिता मंडल, अन्य महिला कांस्टेबलों तथा रानीगंज थाने के प्रभारी (आईसी) सुबीर कर्मकार को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार की पहल पर कुछ दिन पूर्व ही रानीगंज थाने में महिला सहायता केंद्र का उद्घाटन किया गया था। केंद्र शुरू होने के बाद से स्थानीय महिलाओं के बीच इसे लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
दीप्ति सराफ ने कहा कि कई महिलाएं अपनी निजी समस्याएं पुरुष पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने में संकोच महसूस करती हैं। महिला हेल्प डेस्क खुलने से अब वे सीधे महिला पुलिसकर्मियों से अपनी बात साझा कर सकेंगी, जिससे शिकायतों के समाधान में आसानी होगी और उन्हें त्वरित सहायता मिल सकेगी।
इस अवसर पर राजेश जिंदल, श्याम सुंदर जालान, आयुष झुनझुनवाला सहित मारवाड़ी युवा मंच के कई सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।


0 टिप्पणियाँ