12 घंटे काम का लोड,कम वेतन और सुविधाओं की कमी को लेकर प्रदर्शन; मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जामुड़िया: जामुड़िया थाना अंतर्गत केंदा पुलिस फाड़ी क्षेत्र के भूतबंगला स्थित श्याम सेल एंड पावर लिमिटेड की सीआरएम इकाई में मंगलवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कारखाने के बाहर प्रदर्शन पर उतर आए.
प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनसे निर्धारित समय से अधिक कार्य कराया जा रहा है, लेकिन उसके अनुरूप वेतन और सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं. श्रमिकों का कहना था कि कंपनी में उनसे प्रतिदिन 8 घंटे के बजाय लगभग 12 घंटे तक काम लिया जाता है, बावजूद इसके उन्हें उचित मजदूरी नहीं मिल रही है.
श्रमिकों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से अतिरिक्त कार्य करने के बावजूद उनकी मजदूरी में कोई संतोषजनक वृद्धि नहीं हुई है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है. प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने यह भी कहा कि महीने में अवकाश लेने पर भी कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है.किसी कारणवश छुट्टी लेने पर वेतन कटौती अथवा अन्य प्रकार का दबाव बनाया जाता है.
इसके अलावा कारखाने में सुरक्षा व्यवस्था की कमी, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अभाव तथा बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी को लेकर भी श्रमिकों में भारी नाराजगी देखी गई. श्रमिकों का कहना था कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर प्रबंधन से शिकायत करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने से विवश होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा.
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कंपनी प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और श्रमिकों से बातचीत की.अधिकारियों ने श्रमिकों को उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने तथा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया.इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
हालांकि श्रमिकों ने स्पष्ट कर दिया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा.


0 टिप्पणियाँ