जामुड़िया -सप्ताह की शुरुआत में जामुड़िया के इकड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित गिरीधन फैक्ट्री के ठेका श्रमिकों ने प्रदर्शन किया. दैनिक मजदूरी बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में श्रमिक फैक्ट्री के मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए. प्रदर्शन के दौरान समय-समय पर “जय श्रीराम” के नारे भी लगाए गए. आंदोलन में महिला श्रमिकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया.
सोमवार को आयोजित इस प्रदर्शन में श्रमिकों ने सरकार द्वारा निर्धारित 783 रुपये दैनिक मजदूरी लागू करने, श्रमिकों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, प्रत्येक माह चार दिन की छुट्टी तथा अन्य सुविधाओं की मांग उठाई.
प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने बताया कि वे लंबे समय से केवल 335 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी पर काम कर रहे हैं, जबकि सरकारी निर्धारित मजदूरी 783 रुपये है.उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरी 7 से 10 तारीख के बीच मिल जानी चाहिए, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया जाता.
श्रमिकों ने फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था की कमी, शौचालय के अभाव तथा भीषण गर्मी में ठंडे पानी की व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए फैक्ट्री का उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ.
वहीं फैक्ट्री प्रबंधन ने कहा कि मामले पर ठेकेदारों से चर्चा कर उचित कदम उठाए जाएंगे. लंबे प्रदर्शन के बाद प्रबंधन के आश्वासन पर श्रमिकों ने आंदोलन वापस लिया, लेकिन चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर भविष्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

0 टिप्पणियाँ