‘मोदी के विकास मॉडल पर भरोसा जताकर जनता ने किया सत्ता परिवर्तन’
रानीगंज, शनिवार: रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक पार्थो घोष शपथ ग्रहण के बाद शनिवार को पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे. उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया.
रानीगंज के पंजाबी मोड़ इलाके में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित हुए थे. यहां से पार्थो घोष का काफिला एक विशाल जुलूस के रूप में आगे बढ़ा. पूरे इलाके में भाजपा के झंडों, जय श्रीराम के नारों और विधायक के समर्थन में लगाए गए जयकारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह, कन्वीनर दिनेश सोनी, जयंत मिश्रा, राजा भौमिक, रबी केशरी, शंकर साव सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे. अपने विधायक को पहली बार क्षेत्र में देखने को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया.
स्वागत से अभिभूत पार्थो घोष ने कार्यकर्ताओं और रानीगंज की जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि रानीगंज की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों को देखकर बंगाल की जनता ने परिवर्तन का निर्णय लिया है. पार्थो घोष ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल में विकास कार्यों की उपेक्षा हुई, जबकि 2014 के बाद केंद्र सरकार ने देशभर में विकास की नई मिसाल कायम की है .
उन्होंने कहा की रानीगंज की जनता भी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की उस यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है.इसी विश्वास के साथ लोगों ने भाजपा को समर्थन दिया है.
नवनिर्वाचित विधायक ने भरोसा दिलाया कि वे रानीगंज की सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करेंगे तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ाएंगे.



0 टिप्पणियाँ