बंगाल सृष्टि पर बड़े वाहनों से ₹100 और छोटे वाहनों से ₹50 लेने का आरोप, जांच की मांग
रानीगंज-रानीगंज के मंगलपुर स्थित रानीगंज स्क्वायर में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने फिटनेस कैंप के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला उठाया. भाजयुमो नेताओं ने दावा किया कि यहां पिछले कई वर्षों से वाहनों से सफाई और मेंटेनेंस के नाम पर पैसे वसूले जा रहे हैं, जिसकी कोई स्पष्ट सरकारी जानकारी या हिसाब उपलब्ध नहीं है.
इस संबंध में भाजयुमो रानीगंज शाखा के अध्यक्ष मोनू वर्मा ने बताया कि पिछले लगभग 12 वर्षों से आसनसोल जिला प्रशासन के निर्देश पर रानीगंज स्क्वायर परिसर में प्रत्येक बुधवार को वाहन फिटनेस कैंप लगाया जाता है. उन्होंने कहा कि रानीगंज स्क्वायर एक प्रमुख लॉजिस्टिक हब होने के कारण यहां बड़ी संख्या में मालवाहक और अन्य वाहन फिटनेस जांच के लिए पहुंचते हैं.
मोनू वर्मा के अनुसार, कैंप के दौरान परिसर का संचालन कर रही संस्था ‘बंगाल सृष्टि’ द्वारा बड़े वाहनों से ₹100 तथा छोटे वाहनों से ₹50 की राशि सफाई और मेंटेनेंस के नाम पर ली जाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस राशि की वसूली के संबंध में दी जाने वाली स्लिप में यह स्पष्ट नहीं होता कि पैसा किस मद में जमा हो रहा है और इसका उपयोग कहां किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इस संबंध में शिकायत मिलने पर भाजयुमो कार्यकर्ता स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की. आसनसोल जिला एग्जेक्युटिव समिति के सदस्य रबी केशरी ने बताया कि इस मुद्दे को जिला शासक (डीएम) के संज्ञान में लाया जाएगा तथा पूरे मामले की जांच की मांग की जाएगी.
मोनू वर्मा ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने वहां के अधिकारियों से बातचीत की, तो अधिकारियों ने स्वीकार किया कि पिछले कई वर्षों से इस प्रकार शुल्क लिया जाता रहा है। हालांकि अधिकारियों ने भविष्य में इस प्रकार की राशि नहीं लेने की बात कही है.
उन्होंने कहा कि चूंकि फिटनेस कैंप एसडीओ के आदेश पर संचालित होता था, इसलिए प्रशासन को यह जांच करनी चाहिए कि इतने वर्षों तक यह वसूली किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से की जाती रही.
वहीं, इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बंगाल सृष्टि के प्रोजेक्ट ओनर निर्मल झा ने कहा कि यह कोई अवैध वसूली नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहनों से लिया जाने वाला शुल्क परिसर की साफ-सफाई और मेंटेनेंस के लिए लिया जाता है. निर्मल झा ने कहा कि वे एसडीओ से अनुरोध करेंगे कि यदि इस मुद्दे को लेकर विवाद उत्पन्न हो रहा है, तो यहां चल रहे फिटनेस कैंप को ही बंद कर दिया जाए .

0 टिप्पणियाँ