आसनसोल: जहांगीर मोहल्ला पुलिस चौकी में हुई तोड़फोड़ की घटना के बाद पूरे आसनसोल में फैली अफवाहों और सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टों को लेकर शुक्रवार को टीएमसी के जिला कार्यालय, राहा लेन में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।
टीएमसी संगठन के अध्यक्ष एस.एम. हसन मोनु ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पुलिस चौकी पर हमला किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीएमसी या उससे जुड़ा कोई भी संगठन प्रशासन पर हमले का समर्थन नहीं करता।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले में केवल वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई हो तथा बेगुनाह लोगों को परेशान न किया जाए। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उपद्रवियों की पहचान करने की बात कही।
मोनु ने कहा कि स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ पुलिस अधिकारी पास की मस्जिद में जाकर मीनार पर लगे माइक हटाने की बात कह रहे थे, जिससे तनाव बढ़ा। हालांकि उन्होंने बताया कि आसनसोल उत्तर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्पष्ट किया कि माइक हटाने का कोई आदेश नहीं है, केवल ध्वनि निर्धारित सीमा में रखने को कहा गया है।
उन्होंने दोहराया कि पुलिस चौकी पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

0 टिप्पणियाँ