कोलकाता, 16 मई: ईस्ट-वेस्ट या न्यू गरिया-एयरपोर्ट (ऑरेंज लाइन) मेट्रो कॉरिडोर के अंतर्गत चिंगड़ीघाटा के पास लंबे समय से अटका हुआ मेट्रो रेल का काम आज आखिरकार दोबारा शुरू हो गया। काम की शुरुआत से पहले परियोजना स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और नारियल फोड़कर काम को आगे बढ़ाया गया।
गौरतलब है कि चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग के पास ट्रैफिक ब्लॉक की अनुमति, पिलर निर्माण की तकनीकी समस्याओं और कुछ प्रशासनिक अड़चनों के कारण पिछले काफी समय से यहां मेट्रो का काम पूरी तरह ठप पड़ा हुआ था। इसके चलते परियोजना की समय-सीमा लगातार पिछड़ रही थी और ईएम बाईपास पर यातायात प्रबंधन को लेकर भी चुनौतियां आ रही थीं।
आज सुबह मेट्रो रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माणकारी संस्था के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भूमि पूजन किया गया। पूजा संपन्न होने के तुरंत बाद भारी क्रेन और मशीनों के जरिए पिलर और पियर कैप बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, चिंगड़ीघाटा का यह हिस्सा बेहद महत्वपूर्ण है। इस गतिरोध के खत्म होने से अब पूरे कॉरिडोर के काम में तेजी आएगी और तय समय के भीतर इस रूट पर मेट्रो परिचालन का रास्ता साफ हो सकेगा। काम शुरू होने से इलाके के दैनिक यात्रियों ने भी राहत की सांस ली है।

0 टिप्पणियाँ