रानीगंज-पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकारी कार्यालयों में प्रशासनिक बदलाव का असर अब साफ दिखाई देने लगा है.इसी क्रम में देर संध्या आसनसोल नगर निगम के रानीगंज दो नंबर बोरो कार्यालय से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर हटा दी गई. इससे एक दिन पहले आसनसोल नगर निगम के मेयर चेंबर से भी उनकी तस्वीर हटाई गई थी.
भाजपा रानीगंज शहर मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बोरो चेयरमैन मुजम्मिल हुसैन शहजादा से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिला कमेटी के सदस्य मनोज ओझा, आनंद साव, बादशाह चटर्जी, मोनू वर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.
भाजपा नेताओं की मांग के बाद बोरो कार्यालय से ममता बनर्जी की तस्वीर हटाकर वहां देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तस्वीरें लगाई गईं.
इस मौके पर शमशेर सिंह ने कहा कि सरकारी कार्यालय किसी व्यक्ति विशेष के नहीं होते. उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद प्रशासनिक परंपरा के अनुसार वर्तमान मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की तस्वीरें ही सरकारी दफ्तरों में लगाई जानी चाहिए.बोरो चैयरमेन ने भी उनकी बात मानते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के फोटो लगवाए.


0 टिप्पणियाँ