जल जीवन मिशन और अमृत परियोजना को युद्धस्तर पर पूरा करने पर जोर
आसनसोल, शनिवार: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पश्चिम वर्धमान जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की जीत के बाद जिला प्रशासन ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ पहली बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की। शनिवार को जिला शासक एस. पोन्नबलम की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के सभी भाजपा विधायक मौजूद रहे। बैठक में आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल भी विशेष रूप से उपस्थित थीं।
बैठक में जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य नवनिर्वाचित विधायकों के साथ प्रशासनिक समन्वय स्थापित करना तथा जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा करना था।
बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला शासक एस. पोन्नबलम ने बताया कि यह एक प्रारंभिक और व्यापक समीक्षा बैठक थी, जिसमें विधायकों का प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परिचय कराया गया। साथ ही जिले में राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया गया।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के विकास कार्यों को और तेज गति देने के लिए छोटे स्तर पर अलग-अलग बैठकों का आयोजन किया जाएगा, ताकि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं के अनुसार योजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके।
जिला शासक ने विशेष रूप से कहा कि जल जीवन मिशन और अमृत परियोजना को युद्धस्तर पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुचारु और स्थायी बनाया जाए।
बैठक को जिले में विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ