रानीगंज- कोयलांचल के व्यापारिक केंद्र रानीगंज बाजार में बुधवार को एक अनूठे तरीके से ठगी करने की घटना सामने आई. यहाँ खरीदारी करने आए पुरुलिया के एक 58 वर्षीय व्यवसायी से ठगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर करीब डेढ़ लाख रुपये ठग लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए.
यह घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के एतवारी मोड़ के पास दोपहर करीब 12:05 बजे घटी. जानकारी के अनुसार, पुरुलिया जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के तालाजुड़ी गांव निवासी सहदेव कर (58) रानीगंज में किराना और मसालों की खरीदारी करने आए थे. जब वे पैदल एक मसाले की दुकान की ओर जा रहे थे, तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.
बैग में 'गांजा' होने का डर दिखाकर की ठगी
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, बदमाशों ने उनसे कहा, तुम्हारे बैग में गांजा है? जल्दी इधर आओ, सर तुम्हें बुला रहे हैं.इसके बाद वे उन्हें सड़क के दूसरी ओर एक हेलमेट पहने हुए व्यक्ति के पास ले गए, जिसे उन्होंने अपना 'साहब' (पुलिस अधिकारी) बताया.
ठगों ने तलाशी के बहाने व्यापारी का बैग लिया. बैग के पहले चैन में डायरी और 62 हजार रुपये थे, जिन्हें उन्होंने छोड़ दिया. इसके बाद दूसरी चैन खोलकर उसमें रखे 50-50 हजार के तीन बंडल (कुल 1.5 लाख रुपये) निकाल लिए.पूरी घटना इतनी तेजी से और अचानक हुई कि सहदेव कर हक्का-बक्का रह गए और कुछ बोल नहीं पाए.
पैसे हड़पने के बाद बदमाश दाल पट्टी मोड़ की तरफ भाग निकले.खुद को ठगे जाने पर बदहवाश पीड़ित ने स्थानीय दुकानदारों को आपबीती सुनाई, जिन्होंने उन्हें तुरंत पुलिस के पास जाने की सलाह दी. पीड़ित ने बताया कि बदमाश काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार थे. जिस व्यक्ति को 'पुलिस अफसर' बताया जा रहा था, उसने हेलमेट पहन रखा था और चेहरा ढका हुआ था.
रानीगंज थाना पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की एक विशेष निगरानी टीम गठित की गई है और आसपास के सभी थानों को बदमाशों का विवरण भेज दिया गया है. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
दिनदहाड़े व्यस्त बाजार इलाके में हुई इस वारदात ने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.


0 टिप्पणियाँ