रानीगंज:राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर एक एसबीएसटीसी बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई.बस में सवार सभी यात्रियों ने किसी तरह दौड़कर बाहर निकलते हुए अपनी जान बचाई. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
घटना की सूचना मिलते ही इलाके के तृणमूल कांग्रेस नेता साधन सिंह ने रानीगंज के पंजाबी मोड़ फाड़ी पुलिस को जानकारी दी. साथ ही दमकल विभाग को भी खबर दी गई. सूचना पाते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया.
आग लगने के बाद से बस चालक फरार बताया जा रहा है और उसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है.इस अग्निकांड में एसबीएसटीसी बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई.
बस को राष्ट्रीय राजमार्ग के एक किनारे खड़ा कर अन्य वाहनों की आवाजाही जारी रखी गई. घटना के कारण राजमार्ग का एक हिस्सा काफी देर तक बाधित रहा, हालांकि पुलिस ने बाद में स्थिति को सामान्य कर दिया।
दमकल विभाग के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग लगने की वजह बस में शॉर्ट सर्किट हो सकती है. यह एसबीएसटीसी बस दुर्गापुर से आसनसोल की ओर जा रही थी.

0 टिप्पणियाँ