'रानीगंज हिंदू सम्मेलन' की तैयारियों को लेकर संवाददाता सम्मेलन आयोजित; 10 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद
रानीगंज- आगामी 20 जनवरी को रानीगंज के गिरजा पाड़ा स्थित रेलवे मैदान में एक 'रानीगंज हिंदू सम्मेलन' का आयोजन होने जा रहा है.रविवार को इसी मैदान में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान 'रानीगंज हिंदू सम्मेलन (रानीगंज नगर)' समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की.
मुख्य वक्ता और अतिथि
समिति के सचिव शौभिक घोष, संयुक्त सचिव शुभम रावत और कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन पाल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि इस एक दिवसीय सम्मेलन में बेलडांगा के कार्तिक महाराज मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे.यह पहला अवसर होगा जब कार्तिक महाराज रानीगंज की धरती पर पधारेंगे। उनके साथ ही विश्वरूप महाराज कार्यक्रम में सभापति की भूमिका निभाएंगे.
प्रमुख उद्देश्य: धर्म और परंपराओं के प्रति जागरूकता
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज को अपनी जड़ों, गौरवशाली परंपराओं और धार्मिक मूल्यों के प्रति जागृत करना है. हिंदू धर्मावलंबियों को उनके धर्म के महत्व के बारे में शिक्षित करना है.कार्यक्रम में लगभग 10,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है. हाल ही में कोलकाता में संपन्न हुए 'लक्ष्य कंठ गीता पाठ' की सफलता के बाद अब उसी ऊर्जा को रानीगंज में इस सम्मेलन के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है.
राजनीति से कोई सरोकार नहीं
आगामी चुनावों को लेकर उठ रहे सवालों पर विराम लगाते हुए संयुक्त सचिव शुभम रावत ने कहा की इस कार्यक्रम का आगामी विधानसभा चुनाव या किसी भी राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है.यह एक विशुद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है जो देश भर में हो रहे हिंदू जागरण अभियान का हिस्सा है.हम चाहते हैं कि लोग अपनी संस्कृति को जानें और अपनी जड़ों की ओर लौटें.


0 टिप्पणियाँ