रानीगंज-आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 93 अंतर्गत स्कूल पाड़ा इलाके में अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए टीडीबी कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. निपंकर हाजरा के बंद घर को निशाना बनाया. अपराधी घर के तीन तालों को तोड़कर भीतर घुसे और नगदी समेत कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया. इस घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत और खलबली का माहौल है।
इलाज के लिए गए थे दक्षिण भारत
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. निपंकर हाजरा अपने घुटने के इलाज के लिए दक्षिण भारत गए हुए हैं. घर पर ताला बंद होने का फायदा उठाकर अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया.घटना का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार सुबह उनके भाई, समीर और शुभंकर हाजरा, जो उसी मोहल्ले में रहते हैं, मॉर्निंग वॉक के दौरान अपने बड़े भाई के घर का हाल जानने पहुंचे. वहां दरवाजों के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए।).
ऑपरेशन के लिए रखे ढाई लाख रुपए गायब
डॉ. हाजरा के भाई शुभंकर हाजरा ने बताया कि घर में घुटने के ऑपरेशन के लिए करीब 2 से 2.5 लाख रुपए नगद रखे हुए थे.प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, अपराधी इस नगदी के अलावा चांदी के कुछ कीमती सामान भी ले उड़े हैं.हालांकि, चोरी की सटीक राशि और सामानों का विवरण डॉ. हाजरा के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. सूचना मिलते ही डॉ. हाजरा दक्षिण भारत से रानीगंज के लिए रवाना हो गए हैं.
अपराधियों के बढ़ते हौसले पर उठे सवाल
परिजनों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कमी पर चिंता व्यक्त की है. समीर हाजरा ने बताया कि अपराधी तीन मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए, जिससे पता चलता है कि वे पूरी तैयारी के साथ आए थे.परिजनों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के मन से पुलिस और कानून का डर खत्म होता जा रहा है.रानीगंज के विभिन्न अंचलों में लगातार चोरी की घटना घट रही है,दुर्गापूजा के पश्चात से ही विशेषकर इस तरह की घटना लगातार हो रही है,लोगो का कहना है कि अपराधियों में कानून का डर समाप्त होती जा रही है,पहले पुलिस की वाहन रात में लगातार गश्त करती रहती थी,अब गश्त की जगह रातों में पुलिस साहेबगंज,गिरजापाड़ा,नेताजी सुभाष मोड़,पंजाबी मोड़ सह विभिन्न स्थानों पर वाहनों से वसूली में व्यस्त रहती है.
पुलिस का आश्वासन
हालांकि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि वे जल्द ही अपराधियों को पकड़ने में कामयाब होंगे. फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही है.



0 टिप्पणियाँ