विधायक तापस बनर्जी और हरेराम सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
भाजपा के 'भ्रामक प्रचार' का डटकर मुकाबला करेगी तृणमूल युवा कांग्रेस
रानीगंज- पश्चिम बर्धमान जिला युवा टीएमसी के दिशा-निर्देशानुसार, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए गुरुवार को रानीगंज के आरके होटल में एक विशाल 'कर्मी सम्मेलन' का आयोजन किया गया. इस सम्मेलन में भारी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया, जहाँ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें संगठन की मजबूती और विपक्षी दलों के हमलों का जवाब देने की रणनीति समझाई.
दिग्गज नेताओं का जुटा जमावड़ा
सम्मेलन में मुख्य रूप से जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह, रानीगंज के विधायक तापस बनर्जी, जिला सचिव रुपेश यादव, बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा और टाउन टीएमसी अध्यक्ष ज्योति सिंह उपस्थित रहे.नेताओं ने एक सुर में कहा कि युवा शक्ति ही पार्टी की रीढ़ है और आगामी चुनाव में उनकी भूमिका निर्णायक होगी.
अभिषेक बनर्जी और सायोनि घोष के निर्देशों पर मंथन
रानीगंज ब्लॉक युवा टीएमसी अध्यक्ष शुभो भट्टाचार्य ने बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा, "पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और युवा प्रदेश अध्यक्ष सायोनि घोष के निर्देशानुसार यह सम्मेलन आयोजित किया गया है.हमारा मुख्य लक्ष्य संगठन को वार्ड स्तर पर और अधिक सुदृढ़ करना है." उन्होंने बताया कि बैठक में इस बात पर विस्तृत चर्चा हुई कि किस तरह भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार का जमीनी स्तर पर मुकाबला करना है.
'उन्नयनेर पांचाली' से सजेगा प्रचार अभियान
शुभो भट्टाचार्य ने जानकारी दी कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में पिछले 15 वर्षों में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए 'उन्नयनेर पांचाली' (विकास की गाथा) अभियान शुरू किया गया है. इसके तहत विशेष रूप से तैयार किए गए टोटो (ई-रिक्शा) को रवाना किया जा रहा है.ये प्रचार वाहन हर ब्लॉक और मोहल्ले में जाकर घर-घर राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे.कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे जनता को बताएं कि किस तरह सरकार की योजनाओं ने उनके जीवन में बदलाव लाया है.
सम्मेलन में सौमित्र बनर्जी, पार्थो देवासी, अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष नियाज अहमद और टाउन टीएमसी उपाध्यक्ष बापी चक्रवर्ती सहित युवा विंग के तमाम सक्रिय सदस्य मौजूद थे. वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्क, दोनों माध्यमों से विपक्ष के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें. बैठक में आगामी चुनावों के लिए बूथ स्तर पर 'युवा योद्धा' तैनात करने की योजना पर भी सहमति बनी, जो सीधे मतदाताओं से संवाद करेंगे.


0 टिप्पणियाँ