जामुड़िया : नए साल का स्वागत स्वच्छ, खूबसूरत और हराभरा वातावरण में हो.इस उद्देश्य के साथ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय की पहल पर निंघा स्थित प्रसिद्ध गुंजन इकोलॉजिकल पार्क में व्यापक सुंदरीकरण अभियान चलाया गया. पश्चिम बर्दवान के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिने जाने वाला यह पार्क वर्षों से लोगों का आकर्षण रहा है. पुलिस प्रशासन की इस पहल से पार्क की सुंदरता और उपयोगिता में और अधिक निखार आया है.
सुंदरीकरण कार्य के तहत पार्क की चहारदीवारी को नए रंगों से सजाया गया.बच्चों के लिए नए झूले और आधुनिक खेल उपकरण लगाए गए. साथ ही, पार्क परिसर में सफाई अभियान, पौधारोपण, पैदल पथ का नवीनीकरण और बैठने की व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार किया गया है. स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि परिवारों और बच्चों के लिए एक सुखद व सुरक्षित वातावरण भी सुनिश्चित करेगा.
इस कार्यक्रम में जिले तथा पुलिस आयुक्तालय के शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति रही. कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिला मजिस्ट्रेट पोन्नबलम एस. आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त सुनील कुमार चौधरी,डीसीपी मुख्यालय डॉ. अरविंद कुमार आनंद ,डीसीपी सेंट्रल श्री ध्रुब दास ,डीसीपी ईस्ट अभिषेक गुप्ता ,डीसीपी ट्रैफिक वी. जी. सतिश पसुमार्थी ,आसनसोल के एसडीओ,ईसीएल के सात ग्राम-श्रीपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक रॉबिन थौनोआजा,एसीपी सेंट्रल बिमान कुमार मिर्धा,एडीसी ट्रैफिक प्रदीप कुमार मंडल,सीआई सुशांतो चटर्जी जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेन्द्र नाथ ठाकुर उपस्थित थे.
पुलिस आयुक्त श्री सुनील कुमार चौधरी ने कहा कि आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रम जारी रहेंगे.
सुंदरीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि आने वाले समय में भी ऐसी जनहितकारी पहलें लगातार होती रहेंगी.


0 टिप्पणियाँ