जामुड़िया: जामुड़िया के खास केंदा काली मंदिर के सामने सोमवार को 60 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (रानीगंज-सिउड़ी रोड) पर पानी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.इस दौरान महिलाओं ने हाथों में बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर सड़क जाम कर दी. लगभग 30 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा.
खबर मिलते ही जामुड़िया थाने की केंदा चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, हालांकि, लोग अपनी मांग पर अड़े रहे. डोबराना ग्राम पंचायत के प्रधान दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि पिछले 2 महीने से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम करने का फैसला किया.
पांडे ने बताया कि डोबराना ग्राम पंचायत में 8 ग्राम संसद हैं, लेकिन पानी की कमी के कारण केवल 4 टैंकर पानी ही आ पाता है, जो लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए नाकाफी है.उन्होंने प्रशासन से कम से कम 6 टैंकर पानी की आपूर्ति करने की मांग की.
प्रदर्शनकारियों को शांत करने के लिए डोबराना ग्राम पंचायत के उप प्रधान ब्रजेश पांडेय ने उनसे बातचीत की और उन्हें जामुड़िया बीडीओ कार्यालय जाकर अपनी मांग रखने का निर्णय लेने के लिए राजी किया इसके बाद जाकर लोगों ने सड़क से जाम हटाया और यातायात सामान्य हुआ.


0 टिप्पणियाँ