रानीगंज- 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ रानीगंज में मनाया गया.शहर में जगह-जगह तिरंगा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समाज सेवा के आयोजन किए गए, जिनमें आम लोगों से लेकर राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्लबों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस मौके पर शहर के कई प्रमुख स्थानों पर ध्वजारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई.
बीजेपी और टीएमसी ने निकाली तिरंगा यात्रा
इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रानीगंज में राजनीतिक दलों ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की.भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रानीगंज मंडल एक के अध्यक्ष शमशेर सिंह के नेतृत्व में एक बाइक रैली का आयोजन किया गया. यह रैली पूरे रानीगंज शहर की परिक्रमा करते हुए "हिंदुस्तान जिंदाबाद" के नारे लगा रही थी. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भी भाजपा मंडल एक ने एक तिरंगा यात्रा निकाली, जो पंजाबी मोड़ से शुरू होकर रानीगंज रेल स्टेशन तक गई.इस यात्रा में दिनेश सोनी, सुनील साव, शंकर साव और शताब्दी चटर्जी सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे.
दूसरी ओर, रानीगंज के 89 नंबर वार्ड के राजा बांध इलाके में रानीगंज टाउन टीएमसी अल्पसंख्यक सेल के पूर्व अध्यक्ष इंतखाब खान के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. यहां 500 जरूरतमंद विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री और 100 जरूरतमंद महिलाओं को छाता दिया गया. इस कार्यक्रम में कैसर हयात, एमएमआईसी दिव्येंदु भगत और प्रकाश महतो भी मौजूद थे.
विविध संगठनों और क्लबों ने मनाया आजादी का पर्व
रानीगंज में स्वतंत्रता दिवस का जश्न सिर्फ राजनीतिक दलों तक ही सीमित नहीं था, बल्कि विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक संगठनों ने भी इसे खास बनाया.लायंस क्लब ऑफ रानीगंज: क्लब के अध्यक्ष आलोक बगड़िया ने ध्वजारोहण किया. इस दौरान क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे. शाम को क्लब के सभागार में 'ऑपरेशन सिंदूर' नामक नाटक का मंचन किया गया, जिसकी दर्शकों और सदस्यों ने खूब सराहना की. नेताजी सुभाष बोस रोड स्थित वृंदावन धाम समिति के प्रांगण में रानीगंज के थाना प्रभारी विकास दत्ता ने झंडोतोलन किया. उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और स्वतंत्रता दिवस पर अपने विचार साझा किए. इस कार्यक्रम में संस्था के बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.रानीगंज चैम्बर ऑफ कॉमर्स के कार्यालय के सामने अध्यक्ष रोहित खैतान ने ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर राष्ट्रगीत गाया गया और सभी सदस्यों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया.इस कार्यक्रम में सेक्रेटरी अरुमय कुंडू, चेयरमैन अरुण भरतीया, बलराम राय और ओमप्रकाश बजोरिया जैसे प्रमुख सदस्य उपस्थित थे बंगाल केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन संगठन के सदस्यों ने एक प्रभात फेरी निकाली जो नेताजी स्टैच्यू तक पहुंची. यहां सभी ने मिलकर स्वतंत्रता दिवस मनाया और राष्ट्रगीत गाया.अशोक संघ क्रिकेट क्लब गिरजा पाड़ा स्थित अपने कार्यालय से प्रभात फेरी निकालते हुए क्लब के सदस्य नेताजी मोड़ पहुंचे, जहां उन्होंने नेताजी को श्रद्धा सुमन अर्पित कर स्वतंत्रता दिवस मनाया. वहीं ग्रीन क्लब ऑफ रानीगंज द्वारा रानीगंज प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में मौजूद रोगियों को फल प्रदान किया गया.
नेताजी मोड़ पर विशेष आयोजन
रानीगंज में स्वतंत्रता दिवस का एक प्रमुख केंद्र नेताजी सुभाष मोड़ रहा, जहां कई संगठनों ने मिलकर आजादी का जश्न मनाया. नेताजी स्टैच्यू कमेटी ने नेताजी की प्रतिमा पर ध्वजारोहण और माल्यार्पण किया. इस मौके पर मौजूद सभी लोगों को मिठाई खिलाया गया.विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों ने भी नेताजी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए. बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा ने पहले बोरो कार्यालय में तिरंगा फहराया और उसके बाद नेताजी के प्रतिमा के समक्ष ध्वजारोहण किया.
स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर कुछ लोगों ने समाज सेवा को प्राथमिकता दी रानीगंज के युवा यूरोलोजिस्ट चिकित्सक राजू रंजन ने सीआरसोल स्थित अपने क्लिनिक में 30 जरूरतमंद रोगियों का निःशुल्क इलाज किया. यह पहल स्वतंत्रता दिवस के वास्तविक अर्थ को दर्शाती है, जहां समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाकर भी देश की सेवा की जा सकती है.



0 टिप्पणियाँ