आसनसोल- आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के जामुड़िया बोरो एक के अंतर्गत वार्ड नंबर तीन के कई इलाकों में बिजली संकट गहरा गया है, जिससे लगभग 10 से 15 हजार लोग भीषण गर्मी में अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. इन इलाकों में राज्य सरकार द्वारा बिजली आपूर्ति की कोई व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय लोगों की एकमात्र उम्मीद ईसीएल की बिजली ही है.
ट्रांसफार्मर की खराबी से लगातार बिजली गुल
बिजली संकट की शुरुआत 2 जुलाई से हुई, जब ईसीएल का एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया था. लगभग 16 दिनों की मशक्कत के बाद 18 जुलाई को उसकी मरम्मत की गई. लेकिन संकट तब और बढ़ गया जब उसी समय दूसरा ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया, और अब लगभग एक सप्ताह से परिहारपुर, बागसिमुलिया, शिशु महल्ला और तीन पुकुरिया और आस पास के कई मुहल्लों में बिजली नहीं है.
ग्रामीणों की पीड़ा और सरकारी उपेक्षा
स्थानीय निवासी अब्दुल कयूम ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के इतने सालों बाद भी इन इलाकों में ईसीएल द्वारा ही बिजली आपूर्ति की जाती है. अगर ईसीएल का ट्रांसफार्मर जल जाता है, तो हमें महीनों तक अंधेरे में रहने पर मजबूर होना पड़ता है." उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से स्टेट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है, और इस बारे में बार-बार जानकारी देने के बावजूद कोई निर्णय नहीं लिया जा रहा है. बिजली न होने से छात्रों को पढ़ाई में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों के सहयोग से एक जन हस्ताक्षर कर जिला शासक को भी पत्र दिया गया है.
पार्षद का आश्वासन और उम्मीदें
इस संबंध में वार्ड के पार्षद अब्दुल हाउस से बात करने पर उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पिछले एक सप्ताह से बिजली नहीं है. इसकी सूचना ईसीएल मैनेजमेंट को दे दी गई है ताकि ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जा सके.उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि स्टेट लाइट की समस्या लंबे समय से है. पार्षद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की सरकार आने के बाद इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए प्रयास जारी हैं. उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी विधायक को भी दी गई है, और वे भी इन इलाकों में स्टेट लाइट लाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं.पार्षद को उम्मीद है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जिन इलाकों में स्टेट लाइट की बिजली नहीं है, वहां इसे लाने का भरपूर प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके.
इस भीषण गर्मी में बिजली न होने से स्थानीय लोगों के जीवन पर भारी प्रभाव पड़ रहे है,बच्चों को पढ़ाई में दिक्कत हो रही तो परिवार के अन्य सदस्यों को गर्मी और उमस में रहना पड़ रहा है.
इस सम्बंध में स्थानीय ईसीएल प्रबन्धन का कहना है,ट्रांसफार्मर की मरम्मत हो रही है,जल्दी ही समस्या समाधान होगी.










0 टिप्पणियाँ