रानीगंज: रानीगंज स्थित श्री श्याम मंदिर का प्रांगण गुरुवार को एक अत्यंत भव्य एवं भावपूर्ण भजन संध्या का साक्षी बना. खाटू नरेश की महिमा का गुणगान करने के लिए आयोजित इस विशेष अवसर पर मंदिर में विधि-विधान से श्याम बाबा की भाव आरती, अर्चना और छप्पन भोग अर्पित कर उन्हें नमन किया गया. बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने सामूहिक रूप से हवन और कीर्तन में भाग लेकर अपनी गहरी श्रद्धा और आस्था का प्रदर्शन किया.
इस सफल आयोजन का संयोजन प्रदीप सराफ ने किया. उन्होंने बताया कि मंदिर की स्थापना के समय से ही यहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना के साथ-साथ विभिन्न भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा है. प्रदीप सराफ ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि हिंदू पंचांग के अनुसार प्रत्येक एकादशी तिथि पर श्याम बाबा की विशेष पूजा का अत्यंत महत्व होता है, और इसी महत्ता को ध्यान में रखते हुए इस दिन भजन-संध्या का आयोजन विशेष श्रद्धा के साथ किया गया.
भजन संध्या में कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन गायक संजू शर्मा ने अपनी सुमधुर भजनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.उनके भजनों की मधुरता ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. जब उन्होंने "जिसके सिर पर श्याम का हाथ है, उसका क्या बिगाड़ेगा संसार." भजन गाया, तो पूरा पंडाल 'जय श्री श्याम' के उद्घोष से गूंज उठा. इस दौरान श्रद्धालुओं ने दीपों की ज्योति प्रज्वलित कर और फूलों की वर्षा कर श्याम बाबा का भव्य स्वागत किया, और सभी भक्ति के सागर में डूब गए.
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और मंगल आरती के साथ हुआ.भक्तों की भारी उपस्थिति ने इस आयोजन को भक्ति, श्रद्धा और एकता का अद्भुत प्रतीक बना दिया.यह भजन संध्या रानीगंज के आध्यात्मिक पटल पर एक अविस्मरणीय छाप छोड़ गई.


0 टिप्पणियाँ