रानीगंज: सामाजिक संस्था फिरे देखा प्रतीति द्वारा आगामी 13 अप्रैल को एक मैराथन का आयोजन करने जा रही है. संस्था के अध्यक्ष डॉ. शुभ्रांशु सामंत और सचिव विश्वरूप मुखर्जी ने बताया कि पिछले वर्ष की सफलता के बाद इस वर्ष भी मैराथन का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने स्मरण दिलाया कि पिछले वर्ष मैराथन का मुख्य विषय वृक्षारोपण था और संगठन ने दिसंबर 2024 तक 5000 पौधे लगाने का संकल्प लिया था, जिसमें से 4474 पौधे विभिन्न चिन्हित स्थानों पर लगाए जा चुके हैं, जहाँ उनकी उचित निगरानी और देखभाल सुनिश्चित की जा सके.
इस वर्ष आयोजित होने वाली मैराथन का मुख्य विषय कैंसर जागरूकता है.विश्वरूप मुखर्जी ने रानीगंज और आसपास के क्षेत्रों में कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर का पता चलने पर उसका इलाज संभव है. आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के कारण अब कैंसर लाइलाज नहीं रहा है, बशर्ते समय पर इसकी पहचान हो जाए. इसी उद्देश्य से सनका हॉस्पिटल के डॉक्टर मैराथन के दौरान उपस्थित रहेंगे और प्रतिभागियों को कैंसर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे.
उन्होंने मैराथन के मार्ग की जानकारी देते हुए बताया कि इसकी शुरुआत शिशु बागान से होगी. धावक शिशु बागान से नजरुल मूर्ति, एनएसबी रोड, सीआर रोड, इतवारी मोड, थाना मोड और पीएन मालिया रोड से होते हुए वापस शिशु बागान मैदान पर पहुँचकर मैराथन समाप्त करेंगे.
पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए विश्वरूप मुखर्जी ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी डिजिटल माध्यम से पंजीकरण किया जाएगा.मैराथन में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति मोबाइल पर संपर्क कर सकते हैं. इस नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करने पर उन्हें एक पंजीकरण लिंक प्राप्त होगा. लिंक पर क्लिक करके एक फॉर्म खुलेगा, जिसे भरकर जमा करने पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. सफल पंजीकरण के बाद प्रतिभागी को उनके ईमेल आईडी पर एक कन्फर्मेशन मेल प्राप्त होगा
विश्वरूप मुखर्जी ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित मैराथन में 531 धावकों ने हिस्सा लिया था, जिनमें 127 महिलाएं थीं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मैराथन सफलतापूर्वक समाप्त करने वाले प्रत्येक धावक को मेडल और कंप्लीशन सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा.
संगठन के अध्यक्ष डॉ. शुभ्रांशु सामंत ने इस अवसर पर कहा कि फिरे देखा प्रतीति अपनी स्थापना से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहा है. पिछले वर्ष पहली बार मैराथन का आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था. इस वर्ष कैंसर जागरूकता को मुख्य विषय बनाकर लोगों को इस गंभीर बीमारी के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि समय रहते इसकी पहचान हो सके और उचित इलाज संभव हो सके.


0 टिप्पणियाँ