जामुड़िया-आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय के वार्ड नम्बर 6 के पश्चात अब जामुड़िया के बोरो चैयरमेन शेख शानदार के वार्ड नम्बर 4 में पीने की साफ पानी की मांग करते हुए वार्ड वासियों ने प्रदर्शन किया . गर्मी की शुरुआत होते ही जामुड़िया के कई इलाकों में शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा है. रविवार को जामुड़िया के 4 नंबर वार्ड के बैंकपाड़ा इलाके में महिलाओं ने नंदी रोड पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.इससे पहले शनिवार को 6 नंबर वार्ड के मंडलपुर के छोटा बड़तल्ला इलाके में भी स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जल संकट के खिलाफ आवाज उठाई थी. वहीं, गुरुवार को भी 4 नंबर वार्ड के बाईपास रोड पर भी इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ था.
बार- बार विरोध पानी की किल्लत को लेकर नहीं, बल्कि शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर किया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पीएचई विभाग द्वारा सप्लाई किया जा रहा पानी दूषित है, जिसमें कीड़े तक पाए जा रहे हैं. इस दूषित पानी के सेवन से कई लोग बीमार पड़ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है.लोगो का कहना है कि क्या हमें शुद्ध पानी भी पीने का अधिकार नहीं है,क्यों नहीं इस समस्या का समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है.
बैंकपाड़ा में प्रदर्शन कर रही महिलाओं की मांग थी कि बोरो चेयरमैन मौके पर आकर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दें. घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाने की पुलिस और बोरो चेयरमैन के प्रतिनिधि बबलू पोद्दार मौके पर पहुंचे. उन्होंने भी पानी की खराब गुणवत्ता को स्वीकार किया और फिलहाल टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल आपूर्ति का आश्वासन दिया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया.
स्थानीय निवासी यासमीन खातून ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है ताकि इलाके के लोगों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल मिल सके.
गौरतलब है कि जामुड़िया के अजय नदी से इलाके में जलापूर्ति की जाती है, लेकिन कुछ दिनों से इलाके में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है. बताया जा रहा है कि अजय नदी के समीप ही एक निजी कोयला खनन कंपनी द्वारा मिट्टी काटने के दौरान निकलने वाले दूषित पानी नदी में छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण दूषित पानी नदी के जल में मिल जा रहा है और यह जल नलों से आपूर्ति हो रही है,जिससे यह समस्या हो रही है.



0 टिप्पणियाँ