रानीगंज- भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आयोजित 10वें अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन में भाग लेंगी. यह ऐतिहासिक सम्मेलन 14 से 16 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजनीति, व्यापार, कला और समाज सेवा के क्षेत्र की कई प्रभावशाली महिलाएं शामिल होंगी. यह जानकारी बर्नपुर सेल आईएसपी के अस्सिटेंट पर्सनल मैनेजर धर्मवीर सिंह, जो स्वयं आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े हैं, ने दी.
प्रतिष्ठित हस्तियों का समागम:
इस सम्मेलन में 60 से अधिक वक्ता और 500 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अलावा, कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गेहलोत, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, श्रम और रोजगार मंत्रालय एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय की राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, कॉमनवेल्थ की महासचिव पेट्रीशिया स्कॉटलैंड, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी आकी आबे, फिल्म निर्देशिका अश्विनी अय्यर तिवारी, बॉलीवुड अभिनेत्री हेमा मालिनी, शर्मिला टैगोर, बॉलीवुड स्टार सारा अली खान, सोनाक्षी सिन्हा, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियाँ राधिका गुप्ता और कनिका टेकरीवाल जैसी प्रतिष्ठित हस्तियाँ भी शामिल होंगी.
अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन की अध्यक्षता भानुमती नरसिम्हन कर रही हैं, जो गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर जी की बहन हैं. भानुमती आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण और बाल कल्याण कार्यक्रमों का नेतृत्व करती हैं. आर्ट ऑफ लिविंग एक वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन है, जो 180 देशों में कार्यरत है.पिछले लगभग दो दशकों में, अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन में 115 देशों से 463 प्रतिष्ठित वक्ता और 6,000 से अधिक प्रतिनिधि एक साथ एक मंच पर आ चुके हैं.इस वर्ष सम्मेलन का विषय ‘जस्ट बी’ है, जो गुरुदेव की एक कविता से प्रेरित है. यह सम्मेलन नेतृत्व, स्वयं की खोज और सशक्तिकरण जैसे विषयों पर गहन चर्चा के लिए एक मंच प्रदान करेगा.
इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी शामिल होंगी, जिनमें एक विशेष संगीतमय नाट्य प्रस्तुति ‘सीता चरितम्’ का मंचन किया जाएगा.‘सीता चरितम्’ श्रीराम और माता सीता की महाकाव्य गाथा को एक नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करता है, जिसमें 500 से अधिक कलाकार और एक तकनीकी दल शामिल हैं.इसके अतिरिक्त, "स्टाइलिश इनसाइड आउट: फैशन फॉर अ कॉज़" नामक एक विशेष खंड भी होगा, जिसमें सब्यसाची, राहुल मिश्रा, मनीष मल्होत्रा, रॉ मैंगो जैसे भारत के प्रमुख डिजाइनरों की कृतियाँ प्रदर्शित की जाएंगी. इन डिजाइनों की नीलामी से प्राप्त धनराशि आर्ट ऑफ लिविंग के निःशुल्क विद्यालयों के समर्थन में भेंट की जाएगी.


0 टिप्पणियाँ