कोलकाता (पीबी टी वी) तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने धर्मतला में शहीद दिवस समारोह में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने रुख को साफ करते हुए भाजपा पर तीखा हमला किया. ममता ने सेंट्रल गवर्नमेंट को चेतावनी देते हुए दावा किया कि केंद्र में अधिक दिनों तक एनडीए की सरकार नहीं रहेगी. उन्होंने कहा कि बंगाल ही इसका रास्ता दिखाएगा.
ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं करेंगी. उन्होंने कहा कि अगर कोई गलती करेगा, तो उसे नहीं छोड़ा जाएगा. हम गिरफ्तार करेंगे. आप गलत काम न करें और न ही गलत सहें. महिलाओं का सम्मान करें. उन्होंने यह भी जोर दिया कि पार्टी में किसी के खिलाफ शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी. ममता ने अपनी पार्टी के नेताओं से कहा कि वे लोभ न करें और जो कुछ उनके पास है, उसी से संतुष्ट रहें. उन्होंने कहा, मैं चाहती हूं कि आप गरीब रहें. इसका मतलब है, जो आपके पास है, उससे संतुष्ट रहें. हमें लालच नहीं करना चाहिए.
ममता ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे उनके काम में बाधा डालने के लिए अदालत का सहारा लेते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा आंदोलन में कुछ नहीं कर सकती. मेरे पास 10 लाख सरकारी नौकरियां हैं, लेकिन जब भी मैं कुछ करने जाती हूं, वे अदालत में चले जाते हैं. कभी कहते हैं 26 हजार की नौकरी खा रहे हैं, कभी 42 हजार की. ममता बनर्जी ने कहा कि हम बंगाल की पहचान को बचाएंगे. बंगाल ही देश की पहचान को बचाएगा. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके शासन में गरीबी दर आठ फीसदी तक घट गई है. उन्होंने कहा कि हमारे शासन में, 57.6 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से नीचे थे, जो अब 40 फीसदी तक हो गया है.
ममता ने गर्व से कहा कि उनकी पार्टी ने लोक सभा में 38 फीसदी चुने हुए प्रतिनिधियों को भेजा है. उन्होंने इसे पार्टी की सफलता बताया और कहा कि ये प्रतिनिधि उनकी पार्टी की ताकत हैं. ममता ने एजेंसियों के दबाव के बावजूद जनता के समर्थन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि चुनाव में एकतरफा एजेंसियों के दुरुपयोग के बावजूद, लोग हमारे साथ खड़े रहे और हमें जीत दिलाई. ममता ने अपने संबोधन की शुरुआत समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव को धन्यवाद देते हुए की. उन्होंने कहा कि अखिलेश को धन्यवाद, जो वे बंगाल आए. दिल्ली की सरकार ज्यादा दिन नहीं टिकेगी. उत्तर प्रदेश में अखिलेश ने खेल दिखाया है. भाजपा को हटाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “कई लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ना है. जब तक जिंदा हूं तब तक लडूंगी.जिन सीटों पर हम जीते हैं वहां जाकर आप लोगों का धन्यवाद करें और जहां भी हम नहीं जीते हैं वहां पर लोगों के घर जाकर उनसे माफी मांगे और हमसे क्या गलती हुई यह पूछे और उस गलती को सुधारें. लेकिन मैं जानती हूं कि जनता जल्द ही केंद्र सरकार को कह देगी टाटा- बाय. इसके साथ ही ममता बनर्जी ने कहा अगर बांग्लादेशी हमारे दरवाजे पर आएंगे तो हम उन्हें शरण देंगे .
तृणमूल की शहीद दिवस रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “मैं चाहती हूं कि बंगाल के साथ हिंदुस्तान के संबंध अच्छे हों. आप(अखिलेश यादव) यहां आए, मैं आपका शुक्रिया अदा करती हूं. मैं समाजवादी पार्टी का अभिनंदन करना चाहूंगी क्योंकि उत्तर प्रदेश में आपने जो खेल दिखाया है. मैं आपके साथ सहमत हूं कि दिल्ली में सरकार ने एजेंसी लगाकर, चुनाव आयोग को लगाकर जो सरकार लाई गई है, वह सरकार स्थिर नहीं है, वह सरकार कभी भी जा सकती है.

0 टिप्पणियाँ