पूराकोंडा में वस्त्र, अनाज, मिठाई और स्टेशनरी का किया वितरण, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का दिया संदेश
रानीगंज: दीपावली का वास्तविक आनंद दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है.इसी संदेश को आत्मसात करते हुए रानीगंज लायंस आर.एल.जे.डी.एम. चनानी डीएवी पब्लिक स्कूल की ओर से एक सराहनीय सामाजिक पहल की गयी. शुक्रवार 6 नवंबर को दीपावली और महर्षि दयानंद सरस्वती के निर्वाण दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र परिषद ने जरूरतमंद एवं वंचित लोगों के बीच दिवाली की खुशियां बांटी.
इस पहल के तहत विद्यालय के छात्र परिषद के सदस्यों ने कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों से एक सप्ताह तक अनाज, कपड़े, मिठाइयां, स्टेशनरी और दैनिक जरूरत की अन्य सामग्री एकत्रित की. विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इस दान अभियान में भाग लिया.
इसके बाद विद्यालय की प्राचार्या मंदिरा दे, शिक्षक और छात्र परिषद के सदस्यों की टीम बांकुड़ा जिले के पूराकोंडा स्थित पूर्वाचल आनंद फाउंडेशन के अंतर्गत संचालित क्षेत्र में पहुंची. वहां जरूरतमंद लोगों के बीच दिवाली के उपहार और एकत्रित सामग्री वितरित की गयी। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों के साथ समय बिताया और उनके साथ खुशियां साझा कीं.
छात्र परिषद के सदस्यों ने कहा कि प्राचार्या मंदिरा दे से उन्हें कम उम्र से ही सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा मिली है.
प्राचार्या मंदिरा दे ने कहा कि दिवाली का असली उजाला तभी है, जब हर चेहरे पर मुस्कान हो। उन्होंने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया.विद्यालय की इस पहल ने सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया.



0 टिप्पणियाँ