कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर के अंदर शौचालय से एक कैंटीन कर्मचारी का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान उमेश चंद्र दास (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
उमेश चंद्र दास विधानसभा में संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) कर्मचारी थे और पिछले 15 वर्षों से कैंटीन में कार्यरत थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे वहां काम करने वाले अन्य कर्मचारियों ने उमेश को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही हेयर स्ट्रीट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शरीर पर चोट का कोई बाहरी निशान नहीं मिला है और मौत के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। लालबाजार के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा एक अत्यंत सुरक्षित और चौबीसों घंटे पुलिस निगरानी वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में इस घटना के बाद कर्मचारियों के बीच भारी सनसनी फैल गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोलकाता पुलिस की होमिसाइड शाखा (Homicide Branch) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं और घटनास्थल को चारों तरफ से घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।

0 टिप्पणियाँ