Slide 1 Slide 2 Slide 3

बर्नपुर में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया अग्निमित्रा पाल की काली पूजा का उद्घाटन

औद्योगिक विकास को मिलेगी गति, वेदांता के निवेश में सरकार करेगी हरसंभव सहयोग; छठ पूजा के बाद आसनसोल में विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा



आसनसोल: पश्चिम बर्दवान जिले के बर्नपुर में गुरुवार रात नाकरासोता बड़ा दिघारी जनकल्याण शिविर की ओर से आयोजित काली पूजा का उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने आसनसोल और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगों को पुनर्जीवित करने, निवेश को बढ़ावा देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का भरोसा दिया। करीब दो घंटे की देरी से रात लगभग 8:30 बजे पूजा पंडाल पहुंचे मुख्यमंत्री का स्वागत आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक एवं राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया। मुख्यमंत्री ने फीता काटकर पूजा का उद्घाटन किया और मां काली के समक्ष दीप प्रज्वलित किया।



दो घंटे की देरी के बावजूद हजारो लोग करते रहे इंतजार

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यहां पहुंचने में करीब दो घंटे की देरी हुई, लेकिन इसके बावजूद लगभग पांच हजार लोग उनका इंतजार करते रहे। इसके लिए उन्होंने मंत्री अग्निमित्रा पाल और पूजा आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल की तरह आसनसोल भी उनकी पार्टी का पुराना समर्थक क्षेत्र रहा है। वर्ष 2014 में यहां की जनता ने उनकी पार्टी के उम्मीदवार को सांसद बनाकर संसद भेजा था। अब सरकार की जिम्मेदारी संभालने के बाद इस औद्योगिक क्षेत्र का विकास कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।



वेदांता के निवेश को मिलेगा सरकार का सहयोग

औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आसनसोल और रानीगंज क्षेत्र में वेदांता समूह अपने पुराने औद्योगिक प्रतिष्ठान में फिर से उद्योग स्थापित करना चाहता है। समूह के प्रमुख अनिल अग्रवाल उनसे मुलाकात कर चुके हैं। राज्य सरकार इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र को फिर से मजबूत करने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना सरकार का लक्ष्य है।


सड़क, पेयजल और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद आसनसोल नगर निगम के प्रशासक सह कमिश्नर को निर्देश दिया कि जब तक नगर निगम का निर्वाचित बोर्ड कार्यभार नहीं संभालता, तब तक शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।


छठ पूजा के बाद आसनसोल में होगी विकास कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने छठ पूजा की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आसनसोल सहित पूरे पश्चिम बर्दवान जिले में छठ महापर्व बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। इसलिए प्रशासन को सभी छठ घाटों के निर्माण और जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने घोषणा की कि छठ पूजा समाप्त होने के बाद वह दोबारा आसनसोल आएंगे और जिले के विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि काम में तेजी लाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार पर पिछले 15 वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार अब अधूरे कार्यों को पूरा करने की दिशा में काम करेगी।


बाराबनी में भी करना था पूजा का उद्घाटन

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि काफी रात हो चुकी है और उन्हें यहां से बाराबनी में एक अन्य काली पूजा का उद्घाटन करने के बाद दुर्गापुर भी जाना है। इसलिए वह अपना संबोधन समाप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर राज्य के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य तकनीकी विभाग के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नंबलम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार सहित जिले के कई विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।


गौरतलब है कि मुख्यमंत्री गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे विशेष विमान से कोलकाता से अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम हवाई अड्डे पहुंचे थे। वहां से सड़क मार्ग से बर्नपुर पहुंचकर उन्होंने काली पूजा का उद्घाटन किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 रानीगंज: शिशु बागान मोड़ के पास बड़ी चोरी, घर की छत पर थी मालकिन और नीचे से 35 लाख के जेवर पार
 जामुड़िया में ईडी का बड़ा धमाका: रानीगंज के हार्डवेयर व्यवसायी राजेश बंसल के घर छापेमारी, नोट गिनने की मशीन मंगवाई गई
 रानीगंज के "मिट्टी के लाल" गोपाल आचार्य ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भरा पर्चा
 रानीगंज के प्रसिद्ध 'शंभू कचौड़ी वाले' की सड़क हादसे में मौत, इलाके में शोक की लहर
 रानीगंज के व्यापारी युवक के अपहरण का ड्रामा, पति स्वयं भाग गया था घर से
 रेड लाइट एरिया लच्छीपुर में अय्याशी पड़ी भारी, मारपीट कर रुपये छीनने का आरोप
 पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की महासभा को लेकर उठा विवाद: आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर
 सराफ भवन में चुनाव की मांग को लेकर अनशन समाप्त
 सराफ भवन में चुनाव कराने की मांग को लेकर महासंग्राम: राजा गोयनका का 14 सितंबर से अनिश्चितकालीन अनशन, मारवाड़ी समाज में हलचल तेज
 इन्वेस्टमेंट स्कैम: एडीपीसी के इतिहास में अबतक की सबसे बड़ी राशि की साइबर ठगी का मामला आया सामने