हिमालय में हेलीकॉप्टर से लगातार चलाया जा रहा तलाशी अभियान, समय बीतने के साथ परिजनों की बढ़ रही चिंता
बांंकुड़ा: उत्तराखंड में ट्रेकिंग के दौरान आए बर्फीले तूफान ने आठ पर्वतारोहियों को लापता कर दिया है। लापता लोगों में पश्चिम बंगाल के बांंकुड़ा जिले के पांच पर्वतारोही शामिल हैं। घटना की खबर मिलते ही उनके परिवारों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। वहीं, लापता पर्वतारोहियों की तलाश में हिमालय के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में हेलीकॉप्टर की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेकिंग के लिए निकले एक ही दल के कुल आठ सदस्य बर्फीले तूफान की चपेट में आने के बाद लापता हो गए। इनमें बांंकुड़ा जिले के पांच पर्वतारोही हैं। उनकी पहचान तपस बाउरी, रतन घोष, रिंटू मंडल, उदय घोष और मनोज खवास के रूप में हुई है। इनमें तपस बाउरी, रतन घोष, रिंटू मंडल और उदय घोष बांंकुड़ा जिले के शालबनी गांव के निवासी हैं, जबकि मनोज खवास का घर केशरा गांव में है।
लापता दल के अन्य तीन सदस्यों में दो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और एक उत्तराखंड के उत्तरकाशी का निवासी बताया गया है।
हादसे के बाद से ही लापता पर्वतारोहियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हिमालय के दुर्गम और बर्फ से ढके इलाकों में हेलीकॉप्टर के जरिए उनकी तलाश की जा रही है। हालांकि, अभी तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। समय बीतने के साथ शालबनी और केशरा गांव में रहने वाले लापता पर्वतारोहियों के परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। सभी को उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद है।

0 टिप्पणियाँ