शिव स्मृति भवन में आयोजित होगा उद्घाटन समारोह, ध्यान और आध्यात्मिक जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने की पहल
रानीगंज: मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय रानीगंज की ओर से विशेष आयोजन किया गया. रानीगंज के स्कूलपाड़ा स्थित शिव स्मृति भवन में नवनिर्मित मेडिटेशन हॉल के शुभ उद्घाटन को लेकर रविवार को उत्साह का माहौल देखने को मिला. इस अवसर पर बैंड-बाजे के साथ भव्य रैली निकाली गई. रैली के माध्यम से लोगों को शांति, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया.
संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को ध्यान, योग और आध्यात्मिक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है. आयोजकों ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव और अशांति बढ़ रही है.ऐसे में मेडिटेशन के माध्यम से व्यक्ति अपने मन को शांत रखने के साथ जीवन में सकारात्मकता ला सकता है. नवनिर्मित मेडिटेशन हॉल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.
आयोजकों के अनुसार, आगामी 4 नवंबर को शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक स्कूलपाड़ा स्थित शिव स्मृति भवन, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी परिसर में मेडिटेशन हॉल का विधिवत शुभ उद्घाटन किया जाएगा.इस अवसर पर स्नेह मिलन एवं प्रसाद ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित होगा.
बैंड-बाजे के साथ निकली रैली ने पूरे आयोजन को आकर्षक रूप दिया. रैली में आध्यात्मिक संदेशों के जरिए लोगों को आपसी प्रेम, शांति और सद्भाव के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया. संस्था को उम्मीद है कि नवनिर्मित मेडिटेशन हॉल रानीगंज के लोगों को ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.



0 टिप्पणियाँ